रायपुर। गणेशोत्सव के शुभ अवसर पर पूरे छत्तीसगढ़ में भक्ति और उत्साह का माहौल है। राजधानी रायपुर सहित विभिन्न शहरों और कस्बों में पंडाल सजाए गए हैं, जहाँ श्रद्धालु विधि-विधान से गणपति बप्पा की पूजा-अर्चना कर रहे हैं।
इस बार गोल बाजार स्थित श्री बजरंग नवयुवक मित्र मंडल का पंडाल विशेष आकर्षण का केंद्र बना। परंपरा के अनुसार बप्पा को 750 ग्राम सोने का मुकुट पहनाया गया, जिसकी कीमत लगभग 70 लाख रुपये आंकी जा रही है। पहले ही दिन श्रद्धालुओं ने 3 किलो चांदी भी भेंट की।
यह अनूठी परंपरा 2017 से शुरू हुई और अब भक्तों की आस्था का प्रतीक बन गई है। इसे छत्तीसगढ़ का पहला सार्वजनिक गणेशोत्सव माना जाता है, जहाँ भगवान गणेश को सोने का मुकुट पहनाने की रस्म निभाई जाती है।
इस वर्ष समिति गणेशोत्सव का 116वां साल मना रही है। गणेश चतुर्थी के विशेष अनुष्ठान में स्वर्ण मुकुट बप्पा को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने चढ़ाया। इस अवसर पर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, सांसद सुनील सोनी और भाजपा के कई बड़े नेता भी मौजूद रहे।