हड़ताल कर रहे एनएचएम कर्मचारियों को मिला विधायक विक्रम मंडावी का साथ

 

० चुनावी वादे के मुताबिक़ संविदा कर्मचारियों को तुरंत नियमित करे भाजपा सरकार: विक्रम मंडावी 
जगदलपुर। अपने नियमितीकरण और अन्य मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे एनएचएम कर्मचारियों को बीजापुर के कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी का साथ मिल गया है। विक्रम मंडावी ने एनएचएम कर्मचारी संघ द्वारा की जा रही अनिश्चित कालीन हड़ताल का समर्थन करने जिला मुख्यालय बीजापुर पहुंचे। उन्होंने एनएचएम संघ के मांगों को जायज ठहराया और प्रदेश की विष्णुदेव साय की डबल इंजन सरकार से मांगों को तत्काल पूरा करने की मांग की।
धरना स्थल पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए बीजापुर के विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि विधान सभा चुनाव 2023 में भाजपा ने अपने चुनावी घोषणा पत्र मोदी की गारंटी में प्रदेश के एनएचएम सविंदा कर्मियों को नियमित करने सहित विभिन्न गारंटियां शामिल की थीं, लेकिन आज तक एक भी गारंटी को भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने प्रदेश के लोगों के हित में पूरा नहीं किया है जो कि दुखद है। पदाधिकारियों ने कांग्रेस नेता और बीजापुर के विधायक विक्रम मंडावी को एक ज्ञापन सौंपा है। संघ के लोगों ने विधायक विक्रम को अवगत कराते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत विगत बीस वर्षों से कार्यरत हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दे रही है। जिससे एनएचएम कर्मचारी अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। संघ के लोगों ने विधायक विक्रम मंडावी को आगे बताया कि 20 वर्षों में कई राज्यों में एनएचएम कर्मियों को ग्रेड पे, समान काम समान वेतन, जॉब सुरक्षा, अनुकंपा नियुक्ति, मेडिकल बीमा, चिकित्सा अवकाश जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं किंतु छत्तीसगढ़ प्रदेश में ऐसे सकारात्मक बदलाव आज तक नहीं किए गए। जिससे कर्मचारियों की सामाजिक आर्थिक दशा बेहतर हो सके। वर्तमान सरकार के चुनावी घोषणा पत्र में मोदी की गारंटी के तहत उक्त समस्याओं के समाधान का वादा भी किया है लेकिन अब तक कोई ठोस नतीजा नहीं निकला है।
वहीं विधायक विक्रम ने एनएचएम संघ की मांगों को जायज बताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश की सरकार ने अपने चुनावी घोषणा पत्र मोदी की गारंटी में प्रदेश के सभी संविदा कर्मचारियों को नियमित करने का वादा किया था लेकिन अब तक संविदा कर्मचारियों को नियमित करने के नाम पर कोई सुनवाई नही हो रही है। विधायक विक्रम मंडावी ने एनएचएम कर्मचारियों सहित प्रदेश के सभी सरकारी विभागों में कार्यरत संविदा कर्मचारियों को वादे के अनुसार नियमित करने की मांग भी की है। विधायक विक्रम को एनएचएम कर्मचारी संघ द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में संविलियन एवं स्थायीकरण, पब्लिक हेल्थ कैडर की स्थापना कर एक पृथक पब्लिक हेल्थ कैडर का गठन कर क्लिनिकल तथा मैनेजमेंट कैडर के एन एच एम कर्मचारियों को इसमें समायोजित करने, ग्रेड पे निर्धारण करने, कार्य मूल्यांकन (सीआर) व्यवस्था में पारदर्शिता लाने, लंबित 27 प्रतिशत वेतन वृद्धि देने, नियमित भर्ती में सीटों का आरक्षण देने, अनुकंपा नियुक्ति देने, मेडिकल एवं अन्य अवकाश की सुविधा देने, शासन के स्थानांतरण नीति का लाभ दिए जाने और न्यूनतम 10 लाख तक कैशलेश चिकित्सा बीमा सुविधा देने जैसे प्रमुख मांग छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ ने की है। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लालू राठौर, जिला पंचायत बीजापुर के पूर्व अध्यक्ष शंकर कुड़ियम, जिला कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष और बीजापुर नगर कांग्रेस के अध्यक्ष पुरुषोत्तम खत्री, पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम सल्लूर सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *