नारायणपुर। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली और छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले की सीमा पर बुधवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच आठ घंटे तक भीषण मुठभेड़ हुई। इस ऑपरेशन में सुरक्षाबलों ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन महिला और एक पुरुष नक्सली को मार गिराया। मौके से चार हथियार, जिनमें एसएलआर, इंसास और 303 रायफल शामिल हैं, बरामद किए गए।
सूत्रों के मुताबिक गढ़चिरौली पुलिस की C-60 यूनिट और CRPF की क्विक एक्शन टीम (QAT) को कोपरशी वन क्षेत्र में तलाशी अभियान के लिए भेजा गया था। सूचना मिली थी कि गट्टा दलम, कंपनी नंबर 10 और गढ़चिरौली डिवीजन के अन्य माओवादी इस क्षेत्र में छिपे हुए हैं। खराब मौसम और भारी बारिश के बावजूद सुरक्षाबल जंगल में तलाशी अभियान चला रहे थे। इसी दौरान नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसका जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया।
आठ घंटे तक चली इस मुठभेड़ में चार नक्सलियों को ढेर कर दिया गया। इसके बाद क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें हथियार बरामद हुए। भारी बारिश के कारण ऑपरेशन में सुरक्षाबलों को काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। फिलहाल, इलाके में अन्य नक्सलियों की तलाश के लिए अभियान जारी है।