कांग्रेस के मतदाता सूची परीक्षण पर टंकराम वर्मा का तंज: हार को स्वीकार करे कांग्रेस

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस द्वारा मतदाता सूची के परीक्षण की योजना पर राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंकराम वर्मा ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपनी हार स्वीकार करने में अब भी परेशानी हो रही है। पहले ईवीएम पर सवाल उठाए जाते थे, अब मतदाता सूची में हेरफेर का आरोप लगाया जा रहा है। वर्मा ने कहा कांग्रेस को जनता के फैसले को स्वीकार करना चाहिए। अगर उन्हें परीक्षण कराना है, तो कराएं, लेकिन यह उनकी हार का बहाना मात्र है।

बस्तर में भारी बारिश का कहर

बस्तर संभाग के कई जिलों में भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। इस संबंध में मंत्री टंकराम वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री ने स्थिति की जानकारी मिलते ही तुरंत अधिकारियों से चर्चा की और आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। बारिश के कारण लगभग 200 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया गया, जबकि 6 लोगों को एयरलिफ्ट कर सुरक्षित जगह पहुंचाया गया।

वर्मा ने बताया कि गीदम और बीजापुर के बीच का एक पुल क्षतिग्रस्त हो गया है। इसके अलावा, दरभा नाले में बस्तर घूमने गए एक दंपति और उनके दो बच्चों की कार सहित बह जाने से मृत्यु हो गई। मुख्यमंत्री ने राहत और बचाव कार्यों को तेज करने के निर्देश दिए हैं। आपदा प्रबंधन टीमें पूरी तरह तैयार हैं और प्रभावित परिवारों को नियमों के अनुसार मुआवजा प्रदान किया जाएगा। कलेक्टर के पास राहत कार्यों के लिए पर्याप्त फंड उपलब्ध है।

जेम पोर्टल खरीदी में पारदर्शिता

जेम पोर्टल और ट्रैक सूट खरीदी में कथित अनियमितताओं के सवाल पर मंत्री वर्मा ने कहा कि उनकी सरकार पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जेम पोर्टल का उपयोग करती है। उन्होंने बताया कि खरीदी में किसी भी तरह की गड़बड़ी की शिकायत उनके पास नहीं पहुंची है। वर्मा ने आश्वासन दिया कि यदि कोई शिकायत मिलती है, तो उसकी जांच की जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई होगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि जेम पोर्टल के माध्यम से खरीदी एक निर्धारित प्रक्रिया है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *