भाजपा और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्षों के लिए बड़ी मुसीबत बनी बारिश

 

0 किरण देव रास्ते में फंसे, दीपक बैज का गांव हो गया जलमग्न 
(अर्जुन झा) जगदलपुर। बस्तर संभाग में जारी भारी बारिश भाजपा और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्षों के लिए भी मुसीबत बनकर टूट पड़ी है। इंद्रावती नदी की बाढ़ में दर्जनों गांव घिर गए हैं। इन्हीं में शुमार गांव हैं गढ़िया और उसरीबेड़ा ये प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के गृहग्राम हैं। दीपक बैज की पत्नी और बच्चे उसरीबेड़ा में बाढ़ से घिरे हुए हैं और दीपक बैज अभी रायपुर में हैं। दीपक बैज के परिजनों के सुरक्षित होने की खबर है।वहीं बाढ़ की हालात का जायजा लेने जा रहे प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं जगदलपुर के विधायक किरण सिंह देव बीच रास्ते में फंस गए। उन्हें ग्रामीणों ने सुरक्षित निकाला। कलेक्टर हरिस एस और एसपी शलभ कुमार सिन्हा लगातार हालात का जायजा ले रहे हैं।बाढ़ में फंसे लोगों को निकालने के लिए देर शाम तक हेलीकाप्टर से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जाता रहा। फिलहाल जनहानि की कहीं से खबर नहीं आई है, लेकिन दर्जन भर मवेशियों के बह जाने और कुछेक कच्चे मकानों के ढह जाने की सूचना जरूर मिली है।
बस्तर संभाग के कुछ जिलों में लगातार हो रही तेज बरसात के चलते हालात बुरी तरह बिगड़ गए हैं। इंद्रावती और उसकी सहायक नदियों में जल प्रलय के हालात बन गए हैं, जबकि सुकमा जिले में शबरी नदी भी उफान पर है। जगदलपुर से सुकमा, बीजापुर और दंतेवाड़ा का सड़क कई घंटों से टूटा हुआ है। पुल पुलियों और सड़कों पर कई फीट ऊपर पानी बह रहा है। इधर इंद्रावती नदी ने 5-6 साल बाद अपना रौद्र रूप दिखाया है। इंद्रावती में आई भीषण बाढ़ ने बस्तर जिले के लोहंडीगुड़ा विकासखंड के लोहंडीगुड़ा कस्बा, गढ़िया, उसरीबेड़ा, मांदर, पोटानार, तारापुर, मारेंग समेत दर्जनों गांवों को अपनी जद मे ले लिया है।इन गांवों में कमर तक पानी भर गया है। लोहंडीगुड़ा कस्बा पूरी तरह बाढ़ से घिर गया है। सभी गांवों के ग्रामीणों ने ऊंचे और सुरक्षित स्थानों पर शरण ले रखी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के परिजन गढ़िया में तथा पत्नी और बच्चे उसरीबेड़ा में फंसे हुए हैं। कई ग्रामीणों की गाय, बैल, भैसों, मुर्गे, मुर्गियों और बकरे बकारियों के बाढ़ में बह जाने और कई कच्चे मकानों के ढह जाने की खबर है। वहीं लोहंडीगुड़ा का सड़क संपर्क चारों ओर से टूट गया है। बाढ़ के हालात का जायजा लेने जा रहे प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव भी बीच रास्ते में फंस गए थे। उन्हें ग्रामीणों ने सुरक्षित निकाला। कस्तूरपाल से गुमिया पाल मार्ग का पुलिया बाढ़ के कारण टूट गया है। ग्राम कस्तूरपाल के 10-12 घरों में बाढ़ का पानी घुस गया है। गोमियापाल से कुतर जाने वाली सड़क ब्लॉक हो गई है।

हेलीकाप्टर से रेस्क्यू ऑपरेशन
लोहंडीगुड़ा विकासखंड के बाढ़ग्रस्त गांवों में हेलीकाप्टर से शाम तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जाता रहा। बस्तर कलेक्टर हरिस एस और एसपी शलभ कुमार सिन्हा मौके पर मौजूद रहकर हालात पर नजर बनाए रखे रहे। हेलीकाप्टर से कुछ लोगों को लिफ्ट किया गया तथा गांवों में भोजन के पैकेट्स गिराए गए। खबर है है कि कल 27 अगस्त को भी हेलीकाप्टर से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *