
० प्रदेश की सुख समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना
जगदलपुर। बस्तर की नारायणपुर सीट से विधायक एवं छत्तीसगढ़ सरकार में वन मंत्री केदार कश्यप ने अपने पारिवारिक सदस्यों के साथ असम के गुवाहाटी स्थित शक्तिपीठ मां कामाख्या देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं उन्नति के लिए प्रार्थना की।
केदार कश्यप अपनी धर्मपत्नी एवं पुत्री के साथ मां कामाख्या के दरबार में पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत मंत्रोच्चार और वैदिक रीति-रिवाज के साथ पूजा संपन्न की। मां कामाख्या देवी को शक्ति की अधिष्ठात्री देवी माना जाता है, और यह मंदिर 51 शक्तिपीठों में से एक है, जहां देशभर से श्रद्धालु आस्था के साथ दर्शन हेतु पहुंचते हैं। दर्शन के पश्चात मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि मां कामाख्या देवी के चरणों में उपस्थित होकर अपार ऊर्जा और आध्यात्मिक शांति की अनुभूति हुई। मैंने प्रदेश की जनता के कल्याण, बस्तर अंचल के विकास और समग्र सामाजिक समृद्धि के लिए विशेष प्रार्थना की है।छत्तीसगढ़ को प्रगति के पथ पर अग्रसर करना ही मेरा संकल्प है, और मां का आशीर्वाद इस मार्ग को और सशक्त बनाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय संस्कृति में शक्ति की आराधना का विशेष महत्व है और मां कामाख्या देवी से प्राप्त आशीर्वाद उन्हें जनसेवा और जनकल्याण के अपने कर्तव्यों को और बेहतर तरीके से निभाने की प्रेरणा देता है। मंदिर प्रांगण में कश्यप एवं उनके परिवार का स्थानीय श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों ने आत्मीय स्वागत किया। गौरतलब है कि मंत्री केदार कश्यप न केवल राजनीतिक रूप से सक्रिय हैं, बल्कि धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों को भी वे विशेष प्राथमिकता देते हैं। उनकी यह यात्रा न केवल आध्यात्मिक जुड़ाव का प्रतीक है, बल्कि उनके सरल, जनसमर्पित और सांस्कृतिक मूल्यों से प्रेरित व्यक्तित्व की झलक भी प्रस्तुत करती है।