कोटा क्रॉसिंग बंद होने से पहले जनसाधारण तथा छात्रों के लिए वैकल्पिक मार्ग बने: मूणत की DRM से मांग

रायपुर। पश्चिम क्षेत्र के विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) से मुलाकात कर कोटा रेलवे क्रॉसिंग को बंद किए जाने से पहले आमजन और विद्यार्थियों के सुगम आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग सुनिश्चित करने की मांग की है।

श्री मूणत ने बताया कि इस क्रॉसिंग से प्रतिदिन लगभग 10 से 15 हजार लोग आवागमन करते हैं, जिनमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हैं। उन्होंने रेलवे प्रशासन से अनुरोध किया कि क्रॉसिंग के स्थान पर तकनीकी रूप से उपयुक्त अंडर ब्रिज या ओवर ब्रिज का निर्माण किया जाए। साथ ही, उन्होंने डीआरएम से सुझाव दिया कि वे रामनगर में बने अंडर ब्रिज का निरीक्षण कर सकते हैं, जहाँ सीमित स्थान में भी प्रभावी निर्माण कार्य किया गया है।

मंडल रेल प्रबंधक ने विधायक को बताया कि उनके पत्र के प्राप्त होते ही शनिवार को उन्होंने स्वयं स्थल का निरीक्षण किया और क्रॉसिंग बंद होने की स्थिति में संभावित वैकल्पिक व्यवस्थाओं का आकलन किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि रेलवे प्रशासन किसी भी नई व्यवस्था में जनता के लिए असुविधा नहीं होने देगा।

चर्चा के दौरान, श्री मूणत ने डीआरएम को तेलघानी नाका क्षेत्र में राजपूताना होटल के सामने प्रस्तावित ओवर ब्रिज और अंडर ब्रिज निर्माण के संबंध में भी स्मरण कराया। उन्होंने कहा कि जैसे ही रेलवे द्वारा NOC जारी किया जाएगा, राज्य सरकार अपने बजट से कार्य को शीघ्र क्रियान्वित कर देगी।

इसके अतिरिक्त, विधायक ने डीआरएम से कार्यालय के पीछे स्थित नाले पर अंडर ब्रिज या ओवर ब्रिज निर्माण की संभावनाओं की जांच कर उचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया। मंडल रेल प्रबंधक ने सहमति जताते हुए आवश्यक तकनीकी परीक्षण कराने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *