कक्षा 6वीं के गणित एवं हिन्दी शिक्षकों का पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण संपन्न

भोपालपटनम। डाइट प्राचार्य सरिता दुब्बा के निर्देशन में नवीन पाठ्यपुस्तक पर आधारित कक्षा 6वीं में गणित और हिन्दी विषय पढ़ाने वाले शिक्षकों का पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण बीआरसी कार्यालय भोपालपटनम में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य नई शिक्षा नीति (NEP-2020) के अनुरूप 21वीं सदी के कौशलों का विकास करना तथा शिक्षण की आधुनिक पद्धतियों से शिक्षकों को सशक्त बनाना रहा।

प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर अनिल कुमार जाटव, पी. पुरुषोत्तम, मनोज कोड़े, एल. नंदा, दुर्गाप्रसाद सिदार, मनीष कुमार एवं पुरुषोत्तम गादे ने विभिन्न गतिविधियों, संवादात्मक सत्रों एवं प्रायोगिक उदाहरणों के माध्यम से शिक्षकों को नई कार्यशैली से अवगत कराया।

समापन अवसर पर बीआरसी यालम शंकर एवं सहायक खंड शिक्षा अधिकारी श्रीनिवास एटला उपस्थित रहे।
बीआरसी यालम शंकर ने अपने उद्बोधन में कहा कि “शिक्षक इस प्रशिक्षण से जो भी ज्ञान और कौशल अर्जित किए हैं, उसे शालाओं में शत प्रतिशत लागू करें, ताकि विद्यार्थी अधिकतम लाभान्वित हो सकें।”

सहायक खंड शिक्षा अधिकारी श्रीनिवास एटला ने कहा कि “आज के बदलते शैक्षिक परिवेश में शिक्षण कार्य को नई शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप संचालित करना आवश्यक है। इसके लिए विद्यालयों में बच्चों हेतु अनुकूल वातावरण का निर्माण किया जाना चाहिए। तभी विद्यार्थी रचनात्मक, जिज्ञासु और 21वीं सदी की चुनौतियों के अनुरूप सक्षम बन पाएंगे।”

इस प्रशिक्षण से शिक्षकों में नई ऊर्जा और नवाचारपूर्ण दृष्टिकोण का संचार हुआ है। उम्मीद है कि शिक्षक कक्षा में आधुनिक तकनीक और गतिविधि आधारित शिक्षण को अपनाकर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में नई दिशा प्रदान करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *