टोल का झोल, कांग्रेस का हल्ला बोल

0 टोल नाके में अवैध उगाही, कांग्रेस ने किया प्रदर्शन 

जगदलपुर। टोल का झोल और कांग्रेस का हल्ला बोल। यह नजारा आज जगदलपुर- रायपुर नेशनल हाईवे पर बढ़ईगुड़ा टोल नाके पर देखने को मिला। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जगदलपुर पासिंग सीजी-17 सीरीज वाले वाहनों से अवैध टोल टैक्स वसूली के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य कर रहे थे।
कांग्रेस का कहना है कि जगदलपुर से बढ़ईगुड़ा टोल नाका की दूरी महज 12 किमी है। इस टोल नाके पर पर ग्रामीण क्षेत्रों से लगे 20 कि.मी के दायरे के सभी सीजी 17 सीरीज वाली गाड़ियों से पैसा वसूला जाता है। यह न तो न्याय संगत है और न ही नियम सम्मत। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकारी ने भी कहा है कि 20 कि.मी. के दायरे में स्थित गांवों के वाहनों से टोल टैक्स नही लिया जाएगा। इसके बावजूद भी बढ़ईगुड़ा टोल नाके में खुलेआम लूट जारी है। जिसे तत्काल बंद किया जाए। कांग्रेस नेता सुशील मौर्य ने दलील दी कि रायपुर दुर्ग के बीच कुम्हारी टोल नाके पर भी सीजी 04 व सीजी 07 सीरीज के वाहनों से टोल टैक्स नही लिया जाता है। लेकिन बढ़ईगुड़ा टोल नाके पर सीजी 17 सीरीज के वाहनों से टैक्स वसूला जा रहा है। जबकि इस सीरीज के वाहनों को बढ़ईगुड़ा नाके पर टोल फ्री किया गया है। सुशील मौर्य ने कहा है कि जगदलपुर से रायपुर तक कई जगहों पर सड़क बेहद खराब है। वह कब तक बन जाती तब तक चारामा के आगे जगतरा टोल या मसोरा टोल नाका को निशुल्क किया जाए। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायधीश बीआर गवई की उस टिप्पणी का जिक्र किया है, जिसमें श्री गवई ने कहा था कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर गड्ढे गटर राष्ट्रीय प्रशासनिक अक्षमता के प्रतीक हैं जिस पर टोल देना या न देना लोगों पर निर्भर है। जबरिया टोल नही लिया जा सकता है। सुशील मौर्य ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के दिशा निर्देशों का हवाला देते हुए कहा है कि टोल शुल्क लेने के बाद जो सुविधायें मिलनी चाहिए वो अप्राप्त हैं। टोल टैक्स वसूलने वाली एजेंसी ने एंबुलेंस व अन्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई हैं। बस्तर नगर पंचायत, फरसागुड़ा, भानपुरी वाले मुख्य मार्ग पर स्ट्रीट लाईट नही जलती हैं। इसे अतिशीघ्र सुधारा जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *