
रायपुर। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत ने शुक्रवार को पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय परिसर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला में सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्र-छात्राओं को साइकिल वितरित की। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों से शाला में नियमित उपस्थिति रखने और कठिन परिश्रम कर प्रवीण्य सूची में स्थान बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने शिक्षकों से भी कहा कि वे विषयों की जटिलताओं को दूर कर विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन दें, ताकि सरकारी स्कूलों के बच्चे भी शैक्षणिक उत्कृष्टता हासिल कर सकें।
कार्यक्रम में शाला विकास समिति के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए मूणत ने कहा कि विद्यालयों के विकास की जिम्मेदारी केवल पद पर बने रहने तक सीमित नहीं है, बल्कि साफ-सफाई, स्वच्छता, छात्रों की समस्याओं का निराकरण और शिक्षकों के साथ समन्वय स्थापित करना भी जरूरी है।
इसके बाद मूणत ने डगनिया हायर सेकंडरी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। यहां उन्होंने 90% से अधिक अंक लाने वाले दो मेधावी विद्यार्थियों को ₹10,000-₹10,000 के चेक देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि शासकीय विद्यालयों को संसाधनों से समृद्ध बनाना उनकी प्राथमिकता है, ताकि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और खेल की सुविधाएं मिल सकें।
मूणत ने अपने क्षेत्र के सभी सरकारी स्कूलों में एक-एक वाटर कूलर लगाने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने कहा कि जल्द ही रायपुर पश्चिम विधानसभा के शासकीय विद्यालयों में “खेल मड़ई” का आयोजन होगा, जिसमें छात्र-छात्राएं विभिन्न खेलों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा दिखा सकेंगे।
उन्होंने उपस्थित सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया कि वे नियमित शाला निरीक्षण कर शिक्षकों और प्राचार्य के साथ मिलकर शैक्षणिक परिणामों को 100% तक लाने का प्रयास करें।
यह कार्यक्रम विद्यार्थियों, शिक्षकों और प्रबंधन के बीच सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने वाला रहा, जो क्षेत्र के शासकीय विद्यालयों के सर्वांगीण विकास में सहायक होगा।