रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ पुलिस ने एक और बड़ा धमाका किया है। कबीरनगर थाना क्षेत्र में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 273.19 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), जिसकी कीमत 57 लाख रुपये आंकी गई है, के साथ 6 शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इस सनसनीखेज कार्रवाई ने पंजाब से जुड़े अंतर्राज्यीय ड्रग्स सिंडिकेट के काले कारनामों को बेनकाब कर दिया है।
वीडियो और लोकेशन शेयरिंग से चलता था नशे का जाल
पुलिस ने खुलासा किया कि मुख्य सरगना मनमोहन सिंह संधू उर्फ जग्गू अपने डिस्ट्रीब्यूटर्स विजय मोटवानी और भूषण शर्मा के साथ मिलकर वीडियो कॉल और लोकेशन शेयरिंग के जरिए हेरोइन की सप्लाई करता था। यह गैंग सोशल मीडिया और हाईटेक तरीकों का इस्तेमाल कर नशे का सामान खपाता था। 21 अगस्त 2025 को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कबीरनगर के वेदांत वाटिका, हीरापुर में छापा मारकर मनमोहन को रंगे हाथ पकड़ा। तलाशी में उसके पास से भारी मात्रा में हेरोइन बरामद हुई।
एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी
पूछताछ में मनमोहन ने अपने नेटवर्क का खुलासा किया, जिसके बाद पुलिस ने वीर सावरकर नगर, जरवाय तालाब, और आरडीए कॉलोनी में एक साथ रेड डाली। इस ऑपरेशन में जसप्रीत कौर, दिव्या जैन, नितिन पटेल और विजय मोटवानी को भी धर दबोचा गया। इनके कब्जे से 273.19 ग्राम हेरोइन, 5 मोबाइल फोन, और एक दोपहिया वाहन जब्त किया गया। पुलिस ने पाया कि विजय मोटवानी अपने वाहन से घूम-घूमकर हेरोइन की डिलीवरी करता था।
कोतवाली थाने में भी भूषण शर्मा गिरफ्तार
थाना कोतवाली के एक अन्य मामले में भूषण शर्मा को भी गिरफ्तार किया गया, जिसने पूछताछ में खुलासा किया कि वह मनमोहन सिंह संधू से हेरोइन लेकर उसे और विजय मोटवानी को खपाने के लिए देता था। इसके खिलाफ थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 165/25 के तहत कार्रवाई की गई।
57 लाख की हेरोइन, 34 तस्कर अब तक जेल में
इस कार्रवाई में जब्त माल की कुल कीमत 57 लाख रुपये आंकी गई है। रायपुर पुलिस ने अब तक विभिन्न मामलों में 34 तस्करों को गिरफ्तार कर 1.57 करोड़ रुपये की हेरोइन जब्त की है। यह कार्रवाई नशे के खिलाफ चल रही पुलिस की मुहिम का हिस्सा है, जिसे पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में और तेज किया गया है।
पंजाब से रायपुर तक फैला नशे का जाल
पुलिस ने पाया कि इस सिंडिकेट का संचालक पंजाब का एक तस्कर है, जो रायपुर में अपने डिस्ट्रीब्यूटर्स के जरिए नशे का कारोबार चला रहा था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डी.आर. पोर्ते, संदीप मित्तल, नगर पुलिस अधीक्षक ईशु अग्रवाल और उप पुलिस अधीक्षक संजय सिंह के मार्गदर्शन में यह ऑपरेशन कामयाब रहा। आरोपियों के खिलाफ थाना कबीरनगर में अपराध क्रमांक 183/25 धारा 21बी, 21सी, 29 नारकोटिक एक्ट और 111 बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की सूची
थाना कबीरनगर के मामले में:
-
मनमोहन सिंह संधू उर्फ जग्गू (30 वर्ष), निवासी हीरापुर, रायपुर
-
विजय मोटवानी उर्फ अमन (23 वर्ष), निवासी वीर सावरकर नगर, रायपुर
-
दिव्या जैन (24 वर्ष), निवासी आरडीए कॉलोनी, रायपुर
-
नितिन पटेल (19 वर्ष), मूल निवासी रीवा, म.प्र., वर्तमान पता हीरापुर, रायपुर
-
जसप्रीत कौर उर्फ बॉबी (25 वर्ष), निवासी हीरापुर, रायपुर
थाना कोतवाली के मामले में:
-
भूषण शर्मा उर्फ सूरज (30 वर्ष), निवासी टाटीबंध, रायपुर
पुलिस की चेतावनी: नशे का कारोबार नहीं बख्शा जाएगा!
रायपुर पुलिस ने साफ कर दिया है कि नशे के इस गोरखधंधे को जड़ से उखाड़ने के लिए उनकी मुहिम जारी रहेगी। यह कार्रवाई न केवल तस्करों में खौफ पैदा करने वाली है, बल्कि समाज को नशे की गिरफ्त से बचाने का एक मजबूत संदेश भी देती है।