

बीजापुर। जिले के भोपालपटनम थाना क्षेत्र के बीच बस्ती में बीती रात चोरी की एक और वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए नगद राशि और सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रीमती गगन पामभोई के घर के मुख्य दरवाजे में लगे कांच को निकालकर चोरों ने भीतर प्रवेश किया और अलमारी में रखे नगदी एवं तीन तोला सोने का चेन चुरा लिए। घटना के समय घर के सदस्य बाहर गए हुए थे, जिसका लाभ उठाकर चोरों ने इस वारदात को अंजाम दिया।
सूचना मिलते ही भोपालपटनम पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी जीवन कुमार जांगड़े ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही चोरों को पकड़ने के लिए टीम गठित की जा रही है। फिलहाल चोरी गए सामान और नकदी की सटीक जानकारी जुटाई जा रही है।
गौरतलब है कि भोपालपटनम क्षेत्र में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। घनी बस्तियों में हो रही इन वारदातों से क्षेत्रवासी भयभीत हैं, जबकि पुलिस की गश्त और निगरानी पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सांकेतिक फोटो,