
0 भवन विहीन है प्राथमिक शाला कुटियारीगुड़ा
बकावंड। विकासखंड बकावंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत मोखागांव की शासकीय प्राथमिक शला कुटियारीगुड़ा का अपना भवन नहीं रहने के कारण अतिरिक्त कक्ष मे शाला लगाई जा रही है। यह कमरा भी बेहद तंग है और बरसात होने पर कमरे के अंदर पानी टपकता।
इसी तंग कमरे में पांच कक्षाओं के विद्यार्थियों को एकसाथ बिठाकर पढ़ाना बड़ा ही मुश्किल काम है। अतिरिक्त कक्ष भी जर्जर हो चुका है और इस जर्जर भवन की छत पर तिरपाल लगाकर अंदर बच्चों को बिठाया जाता है। इस शासकीय प्राथमिक शाला मे बाउंड्री वॉल भी नहीं है। भवन परिसर में सरगी के दो सूखे हुए विशाल पेड़ स्थित हैं, जो कभी भी गिरकर बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। इन पेड़ों को काटने के लिए कई बार निवेदन किया जा चुका है लेकिन अधिकारी कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। प्राथमिक शाला और आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चे परिसर में खेलते रहते हैं। अगर ये पेड़ बच्चों के ऊपर आ गिरा तो इसके लिए जवाबदेह कौन होगा?शासकीय शाला भवन बनाने के लिए कुछ दिनों पहले अधिकारी आकर नाप जोख कर निशाना लगा गए थे, लेकिन आज तक भवन निर्माण का कोई अता पता नहीं है।