रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी ने छात्राओं को साइकिल भेंट की, स्कूल विकास के लिए 10 लाख का अनुदान घोषित

रायपुर। रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला खो-खो पारा में छात्राओं को सरस्वती सायकल योजना के तहत साइकिल वितरित की। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय विकास हेतु 10 लाख रुपये विधायक निधि से स्वेच्छानुदान देने की घोषणा भी की।

कार्यक्रम में वार्ड 42 पार्षद एवं नगर निगम जोन-5 अध्यक्ष अंबर अग्रवाल, विद्यालय की प्राचार्य सी. वर्मा, शिक्षक-शिक्षिकाएँ, कर्मचारी, छात्र-छात्राएँ और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत विधायक सोनी ने माता सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर की। इसके बाद उन्होंने 33 छात्राओं को नई साइकिलें प्रदान कीं।

इस मौके पर विधायक ने घोषणा की कि विद्यालय परिसर में शेड और रंगमंच निर्माण सहित अन्य कार्यों के लिए विधायक निधि से राशि उपलब्ध कराई जाएगी। छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की, जबकि विधायक सोनी ने विद्यार्थियों को सफलता के लिए बुजुर्गों का आशीर्वाद लेकर विद्यालय आने की प्रेरणा दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *