नारायणपुर। छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियान को एक और बड़ी सफलता मिली है। अबूझमाड़ के कुतुल इलाके में सक्रिय 8 नक्सलियों ने हथियार छोड़कर आत्मसमर्पण कर दिया। इनमें 30 लाख रुपए के इनामी नक्सली DVCM डॉ. सुकलाल और 2 महिला नक्सली भी शामिल हैं।
बुधवार (20 अगस्त 2025) को सभी नक्सलियों ने नारायणपुर एसपी रॉबिनसन गुड़िया के समक्ष सरेंडर किया। आत्मसमर्पित माओवादी नक्सलवाद की विचारधारा से परेशान थे और सरकार की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया।
लगातार चल रहे पुलिस ऑपरेशन और सुरक्षाबलों की सख्ती के बीच नक्सली संगठन में दबाव बढ़ता जा रहा है, जिसका असर इस बड़े आत्मसमर्पण के रूप में सामने आया है।