रायपुर। तिल्दा नेवरा पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त कार्रवाई में वार्ड नंबर 05 रोड के पास 15 किलो 716 ग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी की पहचान विजय कुमार रोहरा (43 वर्ष), निवासी सिंधी कैंप, तिल्दा नेवरा, रायपुर के रूप में हुई है।
पुलिस को 19 अगस्त 2025 को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति दोपहिया वाहन (क्रमांक CG/04/KT/2771) में गांजा लेकर जा रहा है। इस सूचना के आधार पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) कीर्तन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (क्राइम) संदीप मित्तल, नगर पुलिस अधीक्षक (विधानसभा) वीरेंद्र चतुर्वेदी, और उप पुलिस अधीक्षक (क्राइम) संयज सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को रंगे हाथ पकड़ा और उसके वाहन की तलाशी ली, जिसमें 15 किलो 716 ग्राम गांजा बरामद हुआ। जप्त सामग्री और दोपहिया वाहन की कुल अनुमानित कीमत लगभग 2,00,000 रुपये है।
आरोपी के खिलाफ थाना तिल्दा नेवरा में अपराध क्रमांक 360/25, धारा 20बी नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई रायपुर पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए की गई थी।