रायपुर। राजधानी रायपुर में आकाशवाणी के पास स्थित सुप्रसिद्ध काली माता मंदिर के सामने मुख्य मार्ग पर बारिश के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या शीघ्र दूर होने वाली है। नगर निगम रायपुर के जोन 4 द्वारा मंदिर के सामने नई निकास नाली का निर्माण किया जाएगा।
नगर निगम ने इस परियोजना के लिए 9 लाख 50 हजार रुपये की स्वीकृत लागत निर्धारित की है। महापौर मीनल चौबे के निर्देश पर नगर निगम ने मंदिर के सामने मार्ग पर नाले का निर्माण प्राथमिकता से करने का निर्णय लिया।
भूमिपूजन समारोह में महापौर मीनल चौबे, रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी, सभापति सूर्यकांत राठौड़, पार्षद एवं संस्कृति विभाग अध्यक्ष अमर गिदवानी, जोन 4 अध्यक्ष मुरली शर्मा ने श्रीफल फोड़कर और कुदाल चलाकर निर्माण कार्य की शुरुआत की। महापौर और विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नाले का निर्माण शीघ्र प्रारंभ हो और इसे सतत मॉनिटरिंग के साथ गुणवत्ता युक्त तरीके से पूर्ण किया जाए।
इस अवसर पर नगर निगम के पूर्व पार्षद जगदीश कलश, सामाजिक कार्यकर्ता संतोष सोनी, जोन 4 कार्यपालन अभियंता शेखर सिंह, उप अभियंता रंजीत बारवा और मंदिर के श्रद्धालु, महिलाएँ, वरिष्ठ नागरिक, नवयुवक एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।