महापौर मीनल चौबे और विधायक सुनील सोनी की मौजूदगी में प्रोफेसर कॉलोनी में नए नाले का भूमिपूजन, 1.24 करोड़ की परियोजना से जलभराव की समस्या दूर

रायपुर। राजधानी रायपुर के प्रोफेसर कॉलोनी क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए नगर पालिक निगम ने बड़ा कदम उठाया है। महापौर मीनल चौबे ने नगर निगम के अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में नए नाले का भूमिपूजन किया।

नगर निगम के अधोसंरचना मद से 1 करोड़ 24 लाख 10 हजार रुपये की लागत से नाले का निर्माण करवाया जाएगा। भूमिपूजन कार्यक्रम में रायपुर दक्षिण के विधायक सुनील सोनी, जोन 5 अध्यक्ष अम्बर अग्रवाल, जोन 6 अध्यक्ष बद्री प्रसाद गुप्ता, महामाया मन्दिर वार्ड पार्षद जयश्री नायक, पार्षद प्रमोद कुमार साहू, पूर्व पार्षद सालिक सिंह ठाकुर, नगर निगम जोन कमिश्नर और अन्य गणमान्यजन मौजूद थे।

भूमिपूजन के दौरान दूधधारी मन्दिर ट्रस्ट की भूमि से देवकी बाल उद्यान होते हुए भैया तालाब के किनारे तक और कूकरीपारा के ढाल तक नया नाला निर्माण, ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग, पाइपलाइन शिफ्टिंग सहित अन्य आवश्यक कार्यों की शुरुआत की गई। इसके अतिरिक्त, महामाया मन्दिर वार्ड क्रमांक 65 में विकास शुल्क मद से 8 लाख 56 हजार रुपये की लागत से शिवाजी नगर क्षेत्र में भी नाले निर्माण का भूमिपूजन किया गया।

महापौर मीनल चौबे और विधायक सुनील सोनी ने जोन 5 और जोन 6 के अधिकारियों को निर्देश दिए कि नाले का निर्माण तुरंत प्रारंभ किया जाए और इसका सतत मॉनिटरिंग करते हुए शीघ्र पूर्ण कार्य सुनिश्चित किया जाए।

महामाया मन्दिर वार्ड पार्षद जयश्री नायक, जोन 5 अध्यक्ष अम्बर अग्रवाल, और जोन 6 अध्यक्ष बद्री प्रसाद गुप्ता ने महापौर और विधायक को सभी वार्डवासियों की ओर से जलभराव की पुरानी समस्या दूर करने के लिए नाले निर्माण का भूमिपूजन करने पर धन्यवाद दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *