रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित कैबिनेट बैठक में राज्य के विकास और सामाजिक कल्याण से जुड़े दो अहम निर्णय लिए गए। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए इन फैसलों की जानकारी साझा की।
आदिवासी और माडा क्षेत्रों में चना वितरण
कैबिनेट ने निर्णय लिया कि अनुसूचित और माडा पॉकेट क्षेत्रों में रहने वाले अंत्योदय और प्राथमिकता श्रेणी के परिवारों को हर माह मिलने वाला 2 किलो चना अब NeML ई-ऑक्शन प्लेटफॉर्म के माध्यम से खरीदा जाएगा। यह खरीदी न्यूनतम सर्विस चार्ज पर होगी। साथ ही, जुलाई से नवंबर 2025 तक जिन हितग्राहियों को चना नहीं मिला, उन्हें दिसंबर 2025 तक पात्रता के आधार पर चना वितरित किया जाएगा।
नवा रायपुर में आईटी हब को प्रोत्साहन
बैठक में नवा रायपुर में आईटी/आईटीईएस उद्योगों की स्थापना के लिए 90 एकड़ भूमि रियायती दरों पर आवंटित करने का फैसला लिया गया। इस निर्णय से आईटी सेक्टर में निवेश को बढ़ावा मिलेगा, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और नवा रायपुर में तकनीकी व औद्योगिक विकास को गति मिलेगी। यह कदम शहरीकरण और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने में भी सहायक होगा, जिससे स्थानीय लोगों को लाभ पहुंचेगा।