प्रधानमंत्री मोदी की स्वदेशी अपील से बढ़ा देशभक्ति का उत्साह, कैट का ‘‘भारतीय सामान – हमारा स्वाभिमान’’ अभियान जोरों पर

रायपुर। देश के सबसे बड़े व्यापारिक संगठन, कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य अमर पारवानी, प्रदेश चेयरमैन मगेलाल मालू, विक्रम सिंहदेव, प्रदेश एक्जीक्यूटिव चेयरमैन जितेन्द्र दोशी, प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन, प्रदेश महामंत्री सुरेन्द्र सिंह और प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय अग्रवाल ने संयुक्त रूप से बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा काशी यात्रा और स्वतंत्रता दिवस पर की गई स्वदेशी वस्तुओं को खरीदने एवं बेचने की अपील देश के व्यापारियों के लिए सबसे बड़ी प्राथमिकता बन गई है।

कैट ने बताया कि 10 अगस्त से देशभर में ‘‘भारतीय सामान – हमारा स्वाभिमान’’ अभियान व्यापारी संगठनों द्वारा सक्रिय रूप से चलाया जा रहा है।

कैट के राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन अमर पारवानी ने इस अपील को ऐतिहासिक बताया और कहा कि स्वदेशी वस्तुओं के प्रचार-प्रसार से भारत की आर्थिक ताकत वैश्विक स्तर पर मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का संदेश हर व्यापारी के लिए दिशा-निर्देश है और अब समय है कि व्यापारी वर्ग भारतीय वस्तुओं के प्रचार में अग्रणी भूमिका निभाए।

उन्होंने बताया कि ‘‘स्वदेशी संकल्प यात्रा’’ के तहत देश के प्रमुख शहरों और बाजारों में बैनर, पोस्टर, डिजिटल और सोशल मीडिया अभियान के माध्यम से उपभोक्ताओं को भारतीय उत्पाद अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही स्थानीय उत्पादकों, कारीगरों और एमएसएमई की सफलता की कहानियाँ साझा करने के लिए उपभोक्ता संवाद कार्यक्रम आयोजित होंगे।

श्री पारवानी ने कहा कि सभी राज्यों में राज्यस्तरीय व्यापारी सम्मेलन आयोजित कर भारतीय उत्पादों की सप्लाई चेन और वितरण प्रणाली को और मजबूत बनाया जाएगा। 3 अगस्त को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय व्यापारी सम्मेलन में देशभर के 26 राज्यों के 150 से अधिक व्यापारी नेताओं ने संकल्प लिया कि वे न केवल स्वयं भारतीय सामान बेचेंगे, बल्कि उपभोक्ताओं को जागरूक कर स्वदेशी आंदोलन को राष्ट्रीय जनआंदोलन का स्वरूप देंगे।

श्री पारवानी ने कहा, “यदि हर व्यापारी और उपभोक्ता मिलकर केवल भारतीय सामान अपनाए, तो आने वाले वर्षों में भारत दुनिया की सबसे बड़ी उपभोक्ता शक्ति और आर्थिक महाशक्ति के रूप में स्थापित होगा। प्रधानमंत्री मोदी का आह्वान इसी दिशा में ठोस और निर्णायक कदम है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *