नशे और बढ़ते अपराधों पर चिंता: पीसीसी चीफ दीपक बैज ने CM को पत्र लिखकर पीड़ित परिवारों को मुआवजा व नौकरी देने की मांग की

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व सांसद दीपक बैज ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखकर प्रदेश में नशे के बढ़ते प्रकोप और उससे जुड़े अपराधों पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने हाल ही में धमतरी और रायपुर में चाकूबाजी की घटनाओं में मारे गए युवकों के परिजनों को 50-50 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है।

बढ़ते नशे पर जताई चिंता

दीपक बैज ने अपने पत्र में लिखा है कि प्रदेशभर में शराब, नशीली दवाइयां, गोलियां, ड्रग्स और गांजा जैसी नशे की सामग्री आसानी से उपलब्ध हो रही है। इसी वजह से नशे के चलते अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, जो बेहद चिंताजनक है।

हाल की घटनाओं का जिक्र

उन्होंने पत्र में धमतरी की घटना का जिक्र किया, जहां ढाबे में खाना खा रहे रायपुर के तीन युवकों—आलोक सिंह ठाकुर, नितिन टांडी और सुरेश हियाल—की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि अपराधियों ने नशे की हालत में यह वारदात अंजाम दी। इसी तरह रायपुर के चंगोराभाठा में डिलिवरी बॉय हेमंत कोठारी की केवल वाहन टकरा जाने की छोटी सी बात पर हत्या कर दी गई।

पीड़ित परिवारों के लिए मदद की मांग

दीपक बैज ने कहा कि ये सभी युवक बेकसूर और अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिजन आज न्याय की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन शासन-प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। इसलिए मृतक परिवारों को 50-50 लाख रुपये मुआवजा और एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी देकर उनके भविष्य को सुरक्षित किया जाए।

सरकार से कड़े कदम उठाने की अपील

बैज ने सरकार से मांग की है कि नशीले पदार्थों की बिक्री पर सख्त नियंत्रण लगाया जाए और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *