
लोरमी। भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री एवं छत्तीसगढ़ राज्य निर्माता अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर लोरमी विश्रामगृह में उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर विनम्र श्रद्धांजलि दी।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि अटल जी का जीवन देशहित और जनसेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने राजनीति को नई दिशा दी और हमेशा गांव, गरीब तथा किसान को अपने एजेंडे के केंद्र में रखा। प्रधानमंत्री रहते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, किसान क्रेडिट कार्ड जैसी ऐतिहासिक योजनाओं से देश के गांव और किसानों की दशा बदल दी।
श्री साव ने कहा कि अटल जी सबके थे, उन्होंने कभी राजनीति से ऊपर उठकर जनता के हित में निर्णय लिए। अलग छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण का श्रेय अटल जी की दूरदृष्टि और संकल्प को जाता है। उस समय प्रदेश में अशिक्षा, बीमारी और भुखमरी जैसी समस्याएं थीं, जिनसे उबारने के लिए अलग राज्य का गठन जरूरी था।
उन्होंने आगे कहा कि अटल जी के नेतृत्व में ही छत्तीसगढ़ को रायपुर में एम्स, बिलासपुर को हाईकोर्ट और रेलवे जोन जैसी सौगातें मिलीं। आज प्रदेश की हर निकाय में अटल परिसर का निर्माण हो रहा है। हम सब अटल जी के विकास कार्यों और त्याग के प्रति कृतज्ञ हैं और आज उनकी पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की है।