बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी ने 79वें स्वतंत्रता दिवस पर संभाग मुख्यालय राजीव भवन में किया ध्वजारोहण ..

जगदलपुर। 79वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर संभाग मुख्यालय स्थित राजीव भवन में बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में ध्वज फहराया। इस अवसर पर तिरंगे को सलामी दी गई और राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआ।

इसके पूर्व गोलबाजार चौक पर गांधीजी की प्रतिमा स्थल पर भी कांग्रेसजनों ने ध्वजारोहण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में बोलते हुए शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक तारीख नहीं, बल्कि विचार और मूल्यों की यात्रा है। कांग्रेस की विचारधारा वसुधैव कुटुंबकम और संविधान व मानवता के सिद्धांतों पर आधारित है। उन्होंने कहा कि प्रेम, अहिंसा और न्याय की परंपरा गांधीजी से लेकर राहुल गांधी तक कांग्रेस की पहचान रही है।

ग्रामीण अध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद किया और कहा कि आज का दिन देश के लिए बलिदान देने वाले वीर सपूतों को नमन करने का अवसर है। वहीं पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने कहा कि यह दिन 200 वर्षों की गुलामी से मुक्ति का स्मरण कराता है और युवाओं को स्वतंत्रता संग्राम से प्रेरणा लेकर देश सेवा में जुटना चाहिए।

इस अवसर पर पूर्व महापौर जतिन जायसवाल, नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी, उपनेता कोमल सेना, महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता निषाद, ब्लॉक अध्यक्ष बलराम यादव, प्रभारी महामंत्री जाहिद हुसैन, सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर मिष्ठान का वितरण भी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *