नाले के ऊपर चल रही थी नकली पनीर फैक्ट्री! रायपुर के शंकर नगर में स्वास्थ्य विभाग की छापेमारी

० जहरीला माल ओडिशा तक सप्लाई

रायपुर। राजधानी रायपुर में खाद्य मिलावटखोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर के पॉश इलाके शंकर नगर में नाले के ऊपर संचालित एक फूड यूनिट में नकली पनीर तैयार किया जा रहा था। स्वास्थ्य विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने छापामार कार्रवाई करते हुए इस गोरखधंधे का पर्दाफाश किया।

फैक्ट्री का संचालन रामानंद बाघ नामक व्यक्ति कर रहा था, जिसके पास एनालॉग उत्पाद निर्माण का लाइसेंस है। यह लाइसेंस सीमित स्तर पर वैकल्पिक डेयरी उत्पाद बनाने की अनुमति देता है, लेकिन इसकी आड़ में वह खुलेआम नकली पनीर बनाकर होटल और बाजारों में सप्लाई कर रहा था।

कैसे बनता था नकली पनीर?
छापे के दौरान जो सामग्री सामने आई, वह चौंकाने वाली थी। नकली पनीर बनाने के लिए सस्ते और निम्न गुणवत्ता के पाम ऑयल, फैट के डल्ले और दूध पाउडर को मिलाकर गाढ़ा मिश्रण तैयार किया जाता था, जिसे पनीर का रूप दिया जाता था। तैयार माल को पुराने थर्माकोल के डिब्बों में रखा जाता था, जो मछली रखने के लिए इस्तेमाल होते थे और न केवल अस्वच्छ थे, बल्कि खाद्य सुरक्षा मानकों का भी उल्लंघन करते थे।

खुला खेल, मोटा मुनाफा
रामानंद ने स्वीकार किया कि वह यह नकली पनीर 180 रुपये प्रति किलो की लागत से बनाता है और 240 से 250 रुपये में होटल और ढाबा संचालकों को बेच देता है। यह जहरीला माल रायपुर के अलावा ओडिशा तक भेजा जा रहा था।

न पैकेजिंग सही, न जानकारी दर्ज
फैक्ट्री में उत्पाद खुले पॉलीथिन में पैक किए जा रहे थे, जिन पर न तो निर्माण तिथि थी, न ही सामग्री की जानकारी। सहायक आयुक्त ने बताया कि खाद्य उत्पादों की पैकिंग में जरूरी विवरण अंकित होना अनिवार्य है, लेकिन यहां नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाई जा रही थीं।

बड़ी मात्रा में सामान जब्त, जांच जारी
कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में नकली पनीर, कच्चा माल, थर्माकोल डिब्बे और पैकिंग सामग्री जब्त की गई है। पनीर के नमूने जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित धाराओं में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। संचालक से लाइसेंस और अन्य दस्तावेज भी मांगे गए हैं, जिनकी प्रारंभिक जांच में गंभीर अनियमितताएं पाई गई हैं।

स्वास्थ्य विभाग की अपील
विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अज्ञात स्रोतों से मिलने वाले डेयरी उत्पादों से सतर्क रहें। किसी भी प्रकार की शंका होने पर तत्काल खाद्य सुरक्षा हेल्पलाइन या नजदीकी प्रशासनिक कार्यालय को सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *