रायपुर। छत्तीसगढ़ में राजस्व विभाग के तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों की हड़ताल के समाधान को लेकर सरकार ने गंभीर पहल की है। मंगलवार को राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि हड़ताली अधिकारियों के साथ सकारात्मक और रचनात्मक बातचीत हुई है। उन्होंने संकेत दिया कि आज शाम तक हड़ताल समाप्त होने की प्रबल संभावना है।
मंत्री वर्मा ने भरोसा दिलाया कि कर्मचारियों की मांगों को सरकार पूरी गंभीरता से ले रही है और जल्द ही इस पर आवश्यक निर्णय की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों से अपील की है कि वे अपनी हड़ताल समाप्त कर प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन पुनः प्रारंभ करें।
गौरतलब है कि इस हड़ताल के चलते प्रदेश भर में राजस्व से संबंधित कार्य बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। जमीन के दस्तावेज, नामांतरण, बंटवारा, नक्शा सुधार सहित कई जरूरी सेवाएं ठप पड़ी हैं, जिससे आम लोगों को खासी परेशानी हो रही है।