

0 बच्चों संग किया भोजन, परखी गुणवत्ता ; पढ़ाई के लिए किया प्रोत्साहित
बकावंड। विकासखंड बकावंड की ग्राम पंचायत कोसमी के युवा एवं शिक्षित सरपंच नीलम कश्यप ने गांव में शिक्षा की अलख जगाने का बीड़ा उठाया है। वे स्कूलों में दस्तक देकर शाला त्यागी एवं ज्यादातर गैर हाजिर रहने वाले बच्चों की जानकारी लेते हैं और बच्चों के पालकों से संपर्क कर बच्चों को स्कूल भेजने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं।
इसी क्रम में सरपंच नीलम कश्यप और पंचों ने प्राथमिक शाला कोसमी में स्कूली बच्चों के साथ मध्यान्ह भोजन ग्रहण कर भोजन की गुणवत्ता परखी। श्री कश्यप ने भोजन करते करते बच्चों से संवाद किया और मन लगाकर पढ़ाई करने की प्रेरणा दी। सरपंच के आत्मीय व्यवहार ने बच्चों का दिल जीत लिया। इस दौरान सरपंच नीलम कश्यप ने प्रतिक्रिया दी कि आज पंचों की उपस्थिति में मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता सुधारने के लिए चर्चा करना एक बहुत ही सकारात्मक पहल रही है। महिला समूह को मध्यान्ह भोजन में पौष्टिक आहार प्रदान करने के लिए कहा, जिससे बच्चों को स्वस्थ और पौष्टिक भोजन मिल सके। मध्यान्ह भोजन योजना का उद्देश्य न केवल बच्चों को पौष्टिक भोजन प्रदान करना है, बल्कि उनकी शिक्षा और स्वास्थ्य को भी बढ़ावा देना है। सरपंच नीलम कश्यप ने आगे कहा- आज मेरे छात्र जीवन की यादें ताज़ा हो गईं। जब मैं बच्चों के साथ भोजन कर रहा था, तो मेरा स्कूली जीवन भी याद आया यह अनुभव निश्चित रूप से मेरे लिए बहुत ही भावपूर्ण और यादगार रहा। मैं आगे भी बच्चों के हित में ऐसे ही कदम उठाता रहूंगा।