विष्णु के सुशासन में छात्रों की बेरहमी से पिटाई, आरोपी शिक्षक को भाजपा नेताओं का संरक्षण – मोहनीश नाग

जगदलपुर। राज्य में सुशासन के दावों के बीच तोकापाल ब्लॉक के शासकीय हाई स्कूल पोटानार में एक शर्मनाक घटना सामने आई है। झाड़ू लगाने से मना करने पर शिक्षक द्वारा छात्रों की बेरहमी से पिटाई किए जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। शिक्षा के मंदिर में बच्चों पर की गई इस हिंसा ने प्रशासन और राजनीति दोनों को कठघरे में खड़ा कर दिया है।

घटना पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए युवा कांग्रेस नेता मोहनीश नाग ने राज्य सरकार और बीजेपी पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने कहा, “विष्णु के सुशासन में छात्र सुरक्षित नहीं हैं। बच्चों से झाड़ू लगवाना और इंकार करने पर उनकी पिटाई करना न केवल शिक्षा के मूल्यों के खिलाफ है, बल्कि यह अमानवीय और शर्मनाक कृत्य है।”

मोहनीश नाग ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी शिक्षक को भाजपा के स्थानीय नेताओं का संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते प्रशासन अब तक चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने मांग की कि आरोपी शिक्षक पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए और भाजपा यह स्पष्ट करे कि वह ऐसे असंवेदनशील तत्वों के साथ क्यों खड़ी है।

घटना के बाद पोटानार गांव और आसपास के इलाकों में गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों और अभिभावकों ने भी स्कूल प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए आरोपी शिक्षक को तुरंत निलंबित कर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *