श्रावण सोमवार पर भोपालपटनम के शिव मंदिर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

भोपालपटनम। श्रावण मास के पावन अवसर पर भोपालपटनम स्थित प्राचीन शिव मंदिर में आज श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। हिंदी पंचांग के अनुसार यह श्रावण का तीसरा सोमवार था, जबकि तेलुगु पंचांग के अनुसार पहला सोमवार, ऐसे में दोनों परंपराओं के श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और आस्था के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक किया।

भोर होते ही शिवभक्त जल और पवित्र बिल्व पत्र लिए मंदिर पहुंचने लगे। श्रद्धालु लंबी कतारों में अनुशासित होकर खड़े दिखे और “हर हर महादेव” के जयघोष के साथ भोलेनाथ का पूजन-अर्चन किया। मंदिर परिसर में गूंजते मंत्रोच्चार और भक्तों की आस्था ने वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया।

पूरे आयोजन में वेद प्रकाश पांडे के वैदिक मंत्रोच्चार और वरिष्ठ नगर ब्राह्मण बाल मनोहर के द्वारा संपन्न रुद्राभिषेक विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। भक्तों ने इसे एक दिव्य और अलौकिक अनुभव बताया। श्रावण मास के इस विशेष दिन पर शिव मंदिर में व्यवस्था भी सराहनीय रही।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *