भारी बारिश में मोर्चा संभालते युवा सरपंच: भरत कश्यप ने जेसीबी से निकासी कर ग्रामवासियों को दिलाई राहत

जगदलपुर। बस्तर जिले में लगातार हो रही मूसलधार बारिश से जहां जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, वहीं ग्राम पंचायत गढ़िया के युवा सरपंच भरत कश्यप ने नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदारी का परिचय देते हुए संकट की इस घड़ी में मोर्चा संभाल लिया है।

बारिश के चलते गढ़िया गांव की गलियों और घरों में पानी भरने लगा था, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्थिति को गंभीर होते देख सरपंच भरत खुद छतरी लेकर गांव की गलियों में उतरे और स्थिति का जायज़ा लिया। उन्होंने जलभराव वाले क्षेत्रों की पहचान कर त्वरित निर्णय लेते हुए मौके पर जेसीबी मशीन मंगवाकर पानी निकासी का वैकल्पिक मार्ग तैयार करवाया। सरपंच की इस तत्परता से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और उनके प्रयासों की सराहना की।

भरत कश्यप ने कहा जनप्रतिनिधि होने के नाते मेरी प्राथमिकता यह है कि किसी भी समस्या के गंभीर होने से पहले उसका समाधान किया जाए। ग्रामवासियों की परेशानी मुझे मंजूर नहीं है, चाहे उसके लिए मुझे कितनी भी मेहनत क्यों न करनी पड़े।

ग्रामवासियों ने भी सरपंच की सक्रियता और जनसेवा भावना की सराहना करते हुए कहा हमारे सरपंच हमेशा विकास कार्यों में हमारे साथ खड़े रहते हैं, और आज इस कठिन समय में भी वे हमारे साथ हैं। हमें उन पर पूरा विश्वास है कि मिलकर हम हर समस्या का समाधान निकाल सकते हैं।

ग्राम पंचायत गढ़िया के इस युवा नेतृत्व ने यह साबित कर दिया कि असली जनसेवक वही होता है जो विपरीत परिस्थितियों में भी जनता के साथ खड़ा नजर आए। भरत कश्यप जैसे सरपंच निश्चित रूप से पंचायत प्रणाली में एक सकारात्मक बदलाव की मिसाल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *