

0 दक्षिण सब जोनल ब्यूरो के मारे गए 4 नक्सली
0 एसीएम स्तर के 3 और एक पार्टी सदस्य शामिल
जगदलपुर। बस्तर संभाग के बीजापुर जिले के दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्र अंतर्गत बासागुड़ा एवं गंगलूर थाना के सरहदी जंगलों में सुरक्षा बलों ने चार नक्सलियों को ढेर कर दिया है। मारे गए नक्सलियों में दो महिला नक्सली भी शामिल हैं।
नक्सलियों की मौजूदगी की जानकारी के आधार पर सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन चलाया। मुठभेड़ स्थल से 1एसएलआर, 1 इंसास, एक 303 रायफल, एक 12 बोर की बंदूक, बीजीएल लांचर, सिंगल शॉट सहित भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री एवं नक्सल संबंधी अन्य सामान भी बरामद किए गए हैं।बीजापुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव ने बताया कि जिले के दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र में माओवादी कैडर की गतिविधियों की विश्वसनीय सूचना के आधार पर डीआरजी बीजापुर की टीम द्वारा सर्च ऑपरेशन चलाया गया। अभियान के दौरान दिनांक 26 जुलाई की शाम को पुलिस बल और नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर मुठभेड़ होती रही। मुठभेड़ खत्म होने बाद के मुठभेड़ स्थल की तलाशी में भारी मात्रा में हथियार, गोला बारूद और नक्सल सामग्री बरामद हुई है।प्रारंभिक तौर पर मृत नक्सलियों की पहचान हुंगा, एसीएम प्लाटून नंबर 10 दक्षिण सब जोनल ब्यूरो, ईनाम 5 लाख, लक्खे एसीएम, प्लाटून नंबर 30, दक्षिण सब जोनल ब्यूरो ईनामी 5 लाख, भीमे एसीएम, दक्षिण सब जोनल ब्यूरो ईनामी 5 लाख और निहाल ऊर्फ राहुल, पार्टी सदस्य (संतोष, ब्यूरो कम्युनिकेशन टीम हेड का गार्ड) दक्षिण सब जोनल ब्यूरो, ईनामी 2 लाख के रूप में हुई है।
19 माह में 425 नक्सली हलाक
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने बताया कि वर्ष 2024 में मिली निर्णायक बढ़त को आगे बढ़ाते हुए, वर्ष 2025 में भी बस्तर संभाग में प्रतिबंधित एवं गैरकानूनी सीपीआई (माओवादी) संगठन के विरुद्ध सुरक्षा बलों द्वारा सघन और निरंतर अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इन अभियानों के तहत पिछले 19 महीनों जनवरी 2024 से जुलाई 2025 तक में 425 हार्डकोर माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं, जो सुरक्षा तंत्र की प्रभावी रणनीति, साहसिक कार्रवाई और जनसमर्थन का प्रतीक है।पुलिस महानिरीक्षक ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि मानसून की कठिन परिस्थितियों, लगातार वर्षा, दुर्गम जंगल-पहाड़ी इलाके और जोखिमभरे रास्ते भी सुरक्षा बलों के जोश और प्रतिबद्धता को डिगा नहीं पाई हैं। सभी बल कठिन भौगोलिक और मौसमीय चुनौतियों के बावजूद पूरे समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं।