जगदलपुर। चंदेला छात्रावास में नियमों को ताक पर रखकर एक सेवानिवृत्त शिक्षक द्वारा संचालन किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। जिला पंचायत सदस्य योगेश बैज ने इस विषय को गंभीर बताते हुए प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से कड़ी आपत्ति दर्ज की है।
योगेश बैज ने बताया कि मई माह में सेवानिवृत्त हुए शिक्षक घिरधार बघेल अब भी छात्रावास का संचालन कर रहे हैं, जो कि आदिम जाति कल्याण विभाग के नियमों का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि किसी सेवानिवृत्त व्यक्ति द्वारा बिना आधिकारिक आदेश के इस प्रकार छात्रावास चलाना न केवल कानूनी रूप से गलत है, बल्कि नैतिक दृष्टिकोण से भी चिंताजनक है।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह स्पष्ट रूप से एक अनधिकृत और अवैध गतिविधि है, जो छात्रावास में रह रहे छात्रों और वहां कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा और अधिकारों के लिए खतरा बन सकती है। इस संदर्भ में उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि आखिर किसके संरक्षण में यह सब हो रहा है?
योगेश बैज ने मांग की है कि आदिम जाति कल्याण विभाग इस पूरे मामले की तत्काल जांच करे और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी एवं प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित करे। उन्होंने चेतावनी भी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं होती है, तो छात्रावास में रह रहे छात्रों की सुरक्षा को लेकर आंदोलन छेड़ा जाएगा।