जगदलपुर। बस्तर में बंद पड़ी यात्री ट्रेन सेवाओं को शीघ्र बहाल करने की मांग को लेकर आज शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने जगदलपुर रेलवे स्टेशन में जोरदार प्रदर्शन किया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्टेशन मास्टर को डीआरएम, विशाखापट्टनम के नाम एक ज्ञापन सौंपा और चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर यात्री ट्रेनों का संचालन शुरू नहीं हुआ, तो मालगाड़ियों का परिचालन रोका जाएगा।
सुशील मौर्य ने कहा कि विगत 20 दिनों से अधिक समय से जगदलपुर से किरंदुल के बीच चलने वाली यात्री ट्रेनें बंद हैं, जबकि कोरापुट तक ट्रेनों का संचालन जारी है। दूसरी ओर, मालगाड़ियों का आवागमन निर्बाध रूप से जारी है और प्रतिदिन 15 से अधिक मालगाड़ियां इस मार्ग से संचालित हो रही हैं। रेलवे द्वारा भूस्खलन को यात्री ट्रेनों की बंदी का कारण बताया जा रहा है, जो एक “बहाना” प्रतीत होता है।
उन्होंने कहा कि विशाखापट्टनम रेल मंडल देश के सबसे अधिक लाभ कमाने वाले मंडलों में से एक है, इसके बावजूद बस्तरवासियों को मूलभूत रेल सुविधाओं से वंचित किया जाना निंदनीय है। यह क्षेत्र स्वास्थ्य, व्यापार और पर्यटन के लिए यात्री ट्रेनों पर निर्भर है और ट्रेन सेवा बंद होने से आमजन को गंभीर परेशानी हो रही है।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि रेलवे प्रशासन बस्तर को केवल लौह अयस्क के स्रोत के रूप में देखता है और यहां के प्राकृतिक संसाधनों का दोहन ही उसका प्रमुख लक्ष्य बन गया है। यदि यात्री ट्रेनों का परिचालन शीघ्र शुरू नहीं किया गया तो कांग्रेस आंदोलन के तहत मालगाड़ियों को रोकने के लिए बाध्य होगी।
इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी, उपनेता प्रतिपक्ष कोमल सेना, महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता निषाद, प्रभारी महामंत्री जाहिद हुसैन, सुषमा सुता, ब्लॉक अध्यक्ष बलराम यादव, रविशंकर तिवारी, हनुमान द्विवेदी, अनुराग महतो, पार्षद अफरोज बेगम, जस्टिन भवानी, ललिता राव, आभास महंती, नीतीश शर्मा, सलीम जाफर अली, रजत जोशी, खीरेंद्र यादव समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।