भूस्खलन के चलते अस्थायी रूप से बंद हुईं यात्री ट्रेनें : सांसद महेश कश्यप

0 मल्लीगुड़ और जर्दी घाटी क्षेत्र में हुई है लैंड स्लाइड 

जगदलपुर। बस्तर सांसद महेश कश्यप ने जानकारी दी है कि कोरापुट क्षेत्र में हुए भारी भूस्खलन के कारण सुरक्षा की दृष्टि से यात्री ट्रेनों का परिचालन अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। उन्होंने कहा है कि लोगों की जान-माल की सुरक्षा सर्वोपरि है।
सांसद कश्यप ने बताया कि कोरापुट और जयपुर के बीच स्थित मल्लीगुड़ा और जर्दी घाटी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर भूस्खलन हुआ है। रेलवे ने पहले चरण में 48 घंटे के भीतर ट्रैक को दुरुस्त कर दिया था, लेकिन ट्रैक पर लगभग 25 हजार घन मीटर मिट्टी जमा हो गई थी, जिससे यात्रियों की सुरक्षा को खतरा हो सकता था। इसे ध्यान में रखते हुए अस्थायी रूप से यात्री ट्रेनों का परिचालन रोकने का निर्णय लिया गया है।bउन्होंने बताया कि जब यह घटना घटी उस समय एक यात्री ट्रेन गुजर चुकी थी और दूसरी ट्रेन आने वाली थी, जिसे समय रहते सुरक्षा कारणों से रोक लिया गया। फिलहाल मालगाड़ियों का संचालन जारी है क्योंकि उसमें यात्रियों की संख्या नहीं होने से जनहानि की संभावना कम होती है। सांसद श्री कश्यप ने बताया कि उन्होंने रेल मंडल प्रबंधक से चर्चा की है और उन्हें भरोसा दिलाया है कि जैसे ही स्थिति सामान्य होगी, सभी यात्री ट्रेनों का संचालन पुनः शुरू कर दिया जाएगा। फिलहाल किरंदुल से जयपुर के बीच मालगाड़ी का परिचालन जारी है और रेलवे तथा प्रशासन मरम्मत कार्यों को तेजी से पूरा करने में जुटे हुए हैं। गौरतलब है कि 4 जुलाई से यात्री ट्रेनें जगदलपुर से हावड़ा के बीच चलने वाली समलेश्वरी एक्सप्रेस, जगदलपुर पैसेंजर ट्रेन, जगदलपुर से राउरकेलाके बीच चलने वाली हीराकुंड एक्सप्रेस और नाइट एक्सप्रेस बंद हैं। रेलवे प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जैसे ही मौसम तथा ट्रैक की स्थिति अनुकूल होगी, यात्रियों की सुविधा हेतु परिचालन जल्द ही बहाल कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *