रायपुर। सोशल मीडिया पर एक तस्वीर को लेकर सियासी गर्मी बढ़ गई है, जिसमें छत्तीसगढ़ की मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े खेत में कुर्सी पर बैठकर बीड़ा लगाती नजर आ रही हैं। इस तस्वीर को लेकर कांग्रेस ने सवाल उठाए और मंत्री पर खेती के ‘नाटक’ का आरोप लगाया। अब इस पर मंत्री राजवाड़े ने पलटवार करते हुए कहा है कि उन्हें खेती-किसानी की समझ है और विपक्ष बेवजह मुद्दा बना रहा है।
मंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा, मैं एक किसान परिवार से आती हूं और शादी के बाद 13 साल तक खेती-किसानी की है। कांग्रेसियों को खेती करना नहीं आता, इसलिए फोटो देखकर भी नहीं समझ पाए कि मैं क्या कर रही हूं।
उन्होंने आगे कहा कि सरगुजा अंचल की परंपरा में महिलाएं खेत में काम के दौरान आराम के लिए कुर्सी या अन्य साधनों का उपयोग करती हैं और इसे लेकर सवाल उठाना सिर्फ दिखावटी राजनीति है।
राजवाड़े ने कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए कहा कांग्रेसी हमें खेती करना न सिखाएं। मैं किसान की बेटी हूं, मुझे खेती करनी आती है। विपक्ष का काम सिर्फ बेवजह शोर मचाना रह गया है।