
० भूपेश बघेल के साथ वाली अपनी तस्वीर दिखाकर 20 लाख की ठगी का मामला
(अर्जुन झा) बकावंड। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ पूर्व सरपंच की तस्वीर देखकर झांसे में आए और ठगी का शिकार हुए बेरोजगार युवाओं ने अब बस्तर कलेक्टर एवं एसपी से इंसाफ की गुहार लगाई है। पीड़ित युवक नरसिंग ध्रुव, सुभाष बघेल, गोविंद बिसाई, कामदेव नाग, अजय बघेल, महेश राम नाग, हीरालाल नाग, बलिराम बघेल, सुनील बिसाई, बनसिंग कश्यप आदि ने कलेक्टर और एसपी को आवेदन देकर आरोपी सरपंच पति सोनसिंह मौर्य के खिलाफ कार्रवाई करने और उन्हें रकम वापस दिलाने की मांग की है।बस्तर जिले में ठगी का यह अनूठा मामला है। सरपंच पति ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ वाली अपनी तस्वीर दिखाकर बस्तर के बेरोजगार युवाओं को बड़ा चूना लगा दिया है। सरपंच पति सोनसिंह मौर्य ने भूपेश बघेल और अपने तस्वीर दिखाकर बेरोजगारों को जाल में फंसा लिया और उन्हें नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे 20 लाख रुपए ऐंठ लिए।ओडिशा के सांई ट्रस्ट नाम से संचालित संस्थान में नौकरी दिलाने का प्रलोभन देकर जिला समन्वयक पद पर कार्यरत सरपंच पति सोनसिंह मौर्य ने जिले के 7 विकासखंडों के दर्जनों बेरोजगार युवाओं से 20 लाख से अधिक की राशि की ठगी की है। युवाओं को भारी भरकम वेतन दिलाने का प्रलोभन दिया गया था। अब वेतन तो क्या इन बेरोजगारों को स्वयं की रकम वापसी के लिए तथाकथित जिला समन्वयक के दरभा विकासखंड स्थित गृहग्राम मंगनार के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। ठगी का शिकार हुए युवाओं ने बताया कि दरभा विकासखंड के सोनसिंह मौर्य ने वर्ष 2021-22 में विभिन्न ब्लॉक के युवाओं से संपर्क कर उन्हें ओड़िशा की सांई ट्रस्ट संस्था में नौकरी दिलाने का प्रलोभन दिया था। मौर्य ने बेरोजगार युवाओं को बताया था कि संस्था का मुख्य कार्यालय ओड़िशा के बिंदोपाड़ा, राजसुनखाला, नयाधर में है और यह पंजीकृत संस्था है। सोनसिंह मौर्य स्वयं को संस्था का बस्तर जिला प्रमुख बताता था। संस्था के ब्लॉक समन्वयक पद पर नौकरी दिलाने के नाम पर 25 से अधिक युवाओं से 50-50 हजार रूपये की वसूली की गई थी। वहीं ग्राम पंचायत समन्वयक के पद पर नौकरी दिलाने 5 से 10 हजार उगाही की गई थी। इस तरह दर्जनों युवाओं से 20 लाख से अधिक की ठगी की गई है। पीड़ित नरसिंह ध्रुव, महेंद्र कश्यप, जगदीश कश्यप, गोविंद बिसाई, सुभाष बघेल, रेणुका कश्यप, बलीराम बघेल सहित अन्य युवकों ने बताया कि सोनसिंह मौर्य के आईसीआईसीआई बैंक के खाते में उन्होंने राशि भेजी थी। कई युवकों ने सोनसिंह मौर्य के मोबाईल नंबर पर राशि ट्रांसफर की है। युवकों से लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में काम लिया जाता रहा है और लगभग 2 वर्ष का वक्त गुजरने के बाद भी युवकों को वेतन का एक भी रूपया और नौकरी का दस्तावेज नहीं मिलने पर युवकों को समझ में आया कि वे ठगी का शिकार हो चुके हैं।
बताया गया है कि सरपंच पति को एक कांग्रेस नेता का संरक्षण प्राप्त है,सोनसिंह मौर्य पूर्व सरकार के मुखिया के कार्यक्रमों में शामिल होकर संस्था के नाम का पूर्व मुख्यमंत्री के हाथो प्रमाण पत्र भी अर्जित कर चुका है। बताया जा रहा है कि इसी फोटो को दिखाते हुए ग्रामीणों को नौकरी लगाने का प्रलोभन देकर मोटी रकम वसूलता रहा,।जानकारी के अनुसार बस्तर प्रवास के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से भी सोनसिंह मौर्य ने मुलाकात कर बेबी फूड सांई ट्रस्ट संचालित करने ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन देते समय मुख्यमंत्री के साथ उसने फोटो खिंचवाई थी। इसी फोटो की आड़ लेकर और उसे हथियार के तौर पर इस्तेमाल कर सोनसिंह मौर्य युवकों तथा ग्रामीणों को चूना लगाता रहा।