
रायपुर। छत्तीसगढ़ की मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े एक बार फिर सुर्खियों की शहजादी बन गई हैं! इस बार वायरल तस्वीर में मंत्री जी खेतों में धान की रोपाई के लिए धान के थहरा उखाड़ते हुए दिख रही हैं, लेकिन खास बात यह है कि वे कीचड़ में नहीं, एक कुर्सी पर विराजमान होकर ‘शाही अंदाज़’ में यह काम कर रही हैं। जहाँ एक ओर आम किसान कमर तक कीचड़ में उतरकर पसीना बहाता है, वहीं मंत्री जी की कुर्सी खेतों में उनके साथ ‘वॉक’ कर रही है।
सोशल मीडिया पर लोगों ने इस पर खूब तंज कसे कि असली किसान पानी और कीचड़ में कमर तक झुककर मेहनत करता है, मगर मंत्री जी के लिए कुर्सी भी साथ चल रही है!
‘पुल-पुश’ नहीं, अब ‘धक्का-खींचे’
मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े हाल ही में एक और फैसले को लेकर चर्चा में आईं। उन्होंने आदेश जारी किया है कि सरकारी दफ्तरों में दरवाज़ों पर लिखे ‘PULL’ और ‘PUSH’ को हटाकर अब ‘धक्का’ और ‘खींचे’ लिखा जाए। तर्क दिया गया कि ग्रामीणों को अंग्रेज़ी समझ नहीं आती, इसलिए मातृभाषा का सम्मान ज़रूरी है।
इस फैसले पर भी सोशल मीडिया दो हिस्सों में बंट गया। कुछ लोगों ने इसे ‘हिंदी के प्रति सम्मान’ बताया, तो कुछ ने इसे ‘नौटंकी का नया चैप्टर’ करार दिया। एक यूजर ने चुटकी ली — “मंत्री जी, पहले सड़कों की हालत तो सुधारिए, फिर दरवाज़ों पर ‘धक्का-खींचे’ लिखवाइए। वैसे छत्तीसगढ़ में खेतों में नेताओं के फोटोशूट का चलन नया नहीं है, लेकिन लक्ष्मी रजवाड़े की यह ‘कुर्सी वाली रोपाई’ शायद अब इस ट्रेंड की नई ऊँचाई बन गई है।