
जगदलपुर। बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) ने टोल टैक्स से जुड़ी अनियमितताओं और आमजन को हो रही परेशानियों को लेकर बड़ा कदम उठाया है। बुधवार को शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने डिप्टी कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा और टोल प्लाजा संचालन में हो रही अव्यवस्थाओं को तत्काल दूर करने की मांग की।
श्री मौर्य ने बताया कि रायपुर से जगदलपुर के बीच की दूरी करीब 294 किलोमीटर है, लेकिन इस मार्ग पर पहले से ही चार टोल नाके—बढ़ईगुड़ा, मसोरा, चारामा के आगे जगतरा और धमतरी—संचालित हो रहे हैं। ऐसे में पप्पू ढाबा के पास नया टोल प्लाजा बनाना NHAI के नियमों का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि एनएचएआई के नियमों के अनुसार दो टोल प्लाजा के बीच कम से कम 60 किमी की दूरी होनी चाहिए, लेकिन इस शर्त का घोर उल्लंघन हो रहा है।
CG17 की गाड़ियों को टोल फ्री करने की मांग
ज्ञापन में विशेष रूप से CG17 (बस्तर) रजिस्टर्ड गाड़ियों को टोल टैक्स से मुक्त करने की मांग की गई है। श्री मौर्य ने कहा कि जगदलपुर से बढ़ईगुड़ा टोल नाका महज 12 किमी की दूरी पर है, इसके बावजूद शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से लगे 20 किमी के दायरे में चलने वाले सभी CG17 वाहनों से टोल वसूली की जा रही है। यह अन्यायपूर्ण है, जबकि कुम्हारी टोल नाके पर CG04 और CG07 वाहनों को छूट दी जा रही है।
खराब सड़कों पर भी वसूली, सुविधाओं का अभाव
कांग्रेस पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि कांकेर से केशकाल तक की सड़कों की हालत बेहद खराब है, बावजूद इसके लोगों से जबरन टोल वसूला जा रहा है। टोल प्लाजा पर एम्बुलेंस जैसी बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हैं। साथ ही, फास्टैग नहीं होने पर कई गाड़ियों से दोहरा शुल्क लिया जाता है और कर्मचारियों द्वारा दुर्व्यवहार की भी शिकायतें मिल रही हैं।
7 दिनों का अल्टीमेटम
कांग्रेस नेताओं ने जिला प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि आगामी 7 दिनों के भीतर इस मामले में ठोस कार्रवाई नहीं की जाती, तो वे टोल प्लाजा पर धरना-प्रदर्शन और नाकाबंदी करने को मजबूर होंगे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता निषाद, उपनेता कोमल सेना, ब्लॉक अध्यक्ष बलराम यादव, गौरनाथ नाग, सुषमा सुता, पार्षद सूर्यापानी, जस्टिन भवानी, ललिता राव, शुभम यदु, एस. नीला और खीरेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।