
रायपुर। सनातन धर्म प्रेमियों की आस्था का केंद्र भगवान शिव की भक्ति में रायपुर पश्चिम विधानसभा से 3 अगस्त को भव्य कावड़ यात्रा का आयोजन होने जा रहा है। इस विशाल आयोजन का नेतृत्व रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत करेंगे। यात्रा की तैयारियों को लेकर जिला भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
भव्य आयोजन की तैयारियां
राजेश मूणत ने बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी रायपुर पश्चिम में कावड़ यात्रा को भव्य रूप दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस आयोजन की चर्चा राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में हमेशा से रही है, जो कार्यकर्ताओं के परिश्रम और सहयोग का परिणाम है। यात्रा में विभिन्न क्षेत्रों से झांकियां और बाजे-गाजे मुख्य आकर्षण होंगे।
इस बार यात्रा को और वैभवशाली बनाने के लिए उज्जैन (मध्यप्रदेश) से बाबा महाकाल की सवारी में डमरू और ढोल बजाने वाली टीम, उत्तर प्रदेश से अघोरी नृत्य और मां काली की जीवंत झांकी प्रस्तुत करने वाली टीम, ओडिशा से संबलपुरी बाजे में बाहुबली और कट्टपा की वेशभूषा में प्रस्तुति देने वाले कलाकार, और छत्तीसगढ़ के आदिवासी नृत्य, पंथी नृत्य, राउत नाचा जैसी स्थानीय प्रस्तुतियां शामिल होंगी। इसके अलावा भगवान भोलेनाथ की चलित झांकी और प्रमुख ढोल-धमाल पार्टी भी यात्रा का हिस्सा होंगी। सुबह विधायक राजेश मूणत ने महादेवघाट तीर्थ पहुंचकर बाबा हटकेश्वरनाथ, मां महाकाली और मंदिर परिसर के अन्य देवी-देवताओं को कावड़ यात्रा का विशेष आमंत्रण पत्र अर्पित किया। इस दौरान उन्होंने पूजा-अर्चना कर भगवान शिव से रायपुर शहर के नागरिकों के लिए आशीर्वाद मांगा।
सनातनी समाज से अपील
राजेश मूणत ने रायपुर के सनातनी समाज से अपील की कि वे इस कावड़ यात्रा में शामिल होकर इसे भव्यता प्रदान करें। उन्होंने कहा, “यह यात्रा सामाजिक समरसता, शिवभक्ति और नगर की संस्कृति का उत्सव है। सभी शिवभक्त समय पर उपस्थित होकर यात्रा का हिस्सा बनें और धर्म लाभ प्राप्त करें।”
प्रमुख नेताओं की उपस्थिति
मूणत ने बताया कि यह आयोजन गैर-राजनैतिक है और इसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर जिले के सभी सात विधानसभाओं के विधायक, वरिष्ठ भाजपा नेता, सामाजिक संस्थाएं और सनातन धर्म के प्रमुख साधु-संत शामिल होंगे। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से उच्च स्तरीय व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
यात्रा का मार्ग और व्यवस्था
कार्यक्रम प्रभारी ओंकार बैस ने बताया कि कावड़ यात्रा 3 अगस्त को सुबह 9:30 बजे गुढ़ियारी स्थित हनुमान मंदिर से शुरू होगी। यात्रा गुढ़ियारी, पड़ाव, शुक्रवारी बाजार, खाल बाड़ा, रामनगर, ओवर ब्रिज, तेलघानी नाका, अग्रसेन चौक, अमापारा, लाखेनगर, अश्वनी नगर मुख्य मार्ग से होते हुए बाबा हटकेश्वरनाथ मंदिर पहुंचेगी, जहां भक्तगण जल अर्पण करेंगे। मार्ग में पुष्पवर्षा, आतिशबाजी और भंडारे की व्यवस्था भी की जाएगी। बैठक में महापौर मीनल चौबे, जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, ओंकार बैस, अशोक पांडेय, अमित मैशरी, गोवर्धन खंडेलवाल, बी. श्रीनिवास राव, प्रीतम ठाकुर, अनिल सोनकर, भूपेंद्र ठाकुर, विनोद अग्रवाल, राजेश ठाकुर, भोला साहू, रजयंत ध्रुव, गज्जू साहू, पुरुषोत्तम देवांगन, सुनील चंद्राकर, कमलेश्वरी बसंत वर्मा, अमर बंसल, दीपक जायसवाल सहित मंडल और बूथ के वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित थे।