0 मुख्यमंत्री, मंत्रियों के साथ अपनी फोटो दिखाकर ठगने वालों से बचने की सलाह
जगदलपुर। स्टेट मीडिया सर्विस में छपी एक खबर ने छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा के भी कान खड़े कर दिए हैं। उन्होंने इस खबर को आधार बनाते हुए एक कार्यक्रम में ग्रामीणों से कहा कि मुख्यमंत्री और मंत्रियों के साथ अपनी तस्वीर दिखाकर ठगी करने वालों से सावधान रहें।
स्टेट मीडिया सर्विस ने अपने पिछले अंक में “भूपेश के साथ वाली तस्वीर दिखाकर सरपंच पति ने ठगे 20 लाख” शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। यह मामला बस्तर जिले का है। यहां एक सरपंच पति ने कांग्रेस शासन काल के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ तस्वीर खिंचवाई थी। इसी तस्वीर की आड़ में सरपंच पति ने बेरोजगार युवाओं को नौकरी दिलाने के नाम पर उनसे बीस लाख रुपए ऐंठ लिए थे। यह खबर राज्य के मौजूदा उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा के भी संज्ञान में आई। अपने निर्वाचन क्षेत्र के जमुनिया गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में विजय शर्मा ने छत्तीसगढ़ी में भाषण देते हुए कहा कि आजकल कुछ लोग मुख्यमंत्री, मंत्री के साथ वाली अपनी पुरानी तस्वीर दिखाकर नौकरी के नाम पर ठगी कर रहे हैं, ऐसे लोगों से बचें। इससे जाहिर होता है कि राज्य में होने वाली घटनाओं पर गृहमंत्री की पैनी नजर रहती है और स्टेट मीडिया सर्विस स्वस्थ पत्रकारिता के अपने कर्तव्य का ईमानदारी से निर्वहन कर रहा है। पाठकों और जनप्रतिनिधियों का ऐसा ही स्नेह बना रहे, यही कामना है।