चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस का प्रदेशव्यापी चक्काजाम, NH से लेकर मुख्य मार्गों तक मालवाहनों की आवाजाही ठप

रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल की ईडी द्वारा गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस ने प्रदेशभर में आर्थिक नाकेबंदी और चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। दोपहर दो घंटे चले इस विरोध-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रमुख सड़कों पर मालवाहकों की आवाजाही को रोक दिया, जिससे आमजन को यातायात में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

राजधानी रायपुर में कांग्रेस ने रणनीति के तहत विभिन्न इलाकों में वरिष्ठ नेताओं की अगुवाई में चक्काजाम किया। मैग्नेटो मॉल के पास एनएच पर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश दुबे के नेतृत्व में विरोध दर्ज किया गया। वहीं विधानसभा रोड, सकरी में नारायण कुर्रे और पप्पू बंजारे, दिलबाग ढाबा क्षेत्र में सांसद छाया वर्मा और अनीता योगेंद्र शर्मा के नेतृत्व में प्रदर्शन हुआ।

इसी तरह अभनपुर स्थित मोहन ढाबा के पास यशवंत साहू, आरंग रसनी में पूर्व विधायक डॉ. शिवकुमार डहरिया, तिल्दा के दीनदयाल चौक पर कांग्रेस प्रवक्ता शैलेश नितिन त्रिवेदी और खरोरा के बुडेरा चौक पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ मिश्रा के नेतृत्व में चक्काजाम किया गया।

प्रदेशभर में फैला आंदोलन

बिलासपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेंड्रीडीह के पास रायपुर-बिलासपुर मार्ग (NH-130) पर चक्काजाम किया। इसमें नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, विधायक अटल श्रीवास्तव और दिलीप लहरिया जैसे वरिष्ठ नेता शामिल हुए। महासमुंद जिले में भी कांग्रेस ने चार प्रमुख स्थानों — घोड़ारी, तुमगांव, सरायपाली और टेमरी — में चक्काजाम किया। नेतृत्व क्रमशः पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर, जिला अध्यक्ष रश्मि चंद्राकर, विधायक चातुरी नंद और विधायक द्वारिकाधीश यादव ने किया।

बालोद जिले में राजनांदगांव–दल्लीराजहरा मार्ग पर कुसुमकसा तिराहा चौक पर चक्काजाम किया गया, जिसमें विधायक अनीला भेड़िया और संजारी बालोद विधायक संगीता सिन्हा शामिल रहीं।

कवर्धा में रायपुर–जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-30) पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर तंबू गाड़कर प्रदर्शन किया। इसके चलते मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध रहा और यातायात ठप हो गया।

प्रशासन अलर्ट, चैंबर ऑफ कॉमर्स ने जताई आपत्ति

प्रदर्शन स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। एडिशनल एसपी और सीएसपी स्तर के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे, वहीं महिला पुलिस कर्मियों की भी विशेष ड्यूटी लगाई गई। कांग्रेस की ओर से यह स्पष्ट किया गया कि चक्काजाम मुख्यतः मालवाहकों को निशाना बनाकर किया गया, जबकि आम लोगों की सुविधा का ध्यान रखा गया।

वहीं, छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने कांग्रेस की आर्थिक नाकेबंदी का विरोध किया है। महामंत्री अजय भसीन ने एक वीडियो संदेश में कहा कि इस तरह की नाकेबंदी से राज्य के विकास और छोटे व्यापारियों को नुकसान होता है।

नारेबाजी और राजनीतिक संदेश

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “ईडी-सीबीआई हटाओ, अडानी भगाओ – राज्य बचाओ” जैसे नारे लगाकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस का आरोप है कि चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी राजनीतिक प्रतिशोध का हिस्सा है और विपक्ष को दबाने की साजिश के तहत ईडी जैसी केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *