रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के बाद छत्तीसगढ़ की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस जहां गिरफ्तारी को लेकर ईडी के खिलाफ मुखर विरोध प्रदर्शन कर रही है, वहीं भाजपा ने इस आंदोलन को व्यक्ति केंद्रित करार देते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और कुरुद विधायक अजय चंद्राकर ने कांग्रेस पर सवाल दागते हुए कहा जिस तरह का प्रदर्शन कांग्रेस चैतन्य बघेल के लिए कर रही है, वैसा समर्थन उसने अपने ही नेताओं देवेंद्र यादव और कवासी लखमा की गिरफ्तारी के समय क्यों नहीं दिखाया?
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब केवल एक व्यक्ति विशेष की पार्टी बनकर रह गई है। चंद्राकर ने कहा यह स्पष्ट है कि कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन किसी विचारधारा या जनहित के लिए नहीं, बल्कि सिर्फ भूपेश बघेल के लिए हो रहा है। पार्टी को अपने अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं की कोई चिंता नहीं है।
भूपेश बघेल के उस बयान पर भी चंद्राकर ने कटाक्ष किया जिसमें उन्होंने कहा था कि सौभाग्य की बात है कि मेरे बेटे को अब देशभर के लोग जानने लगे हैं।” इस पर चंद्राकर ने व्यंग्य करते हुए कहा अगर यह सौभाग्य की बात है, तो मुझे इस सोच पर आश्चर्य है। उपराष्ट्रपति के इस्तीफे पर भूपेश बघेल की टिप्पणी को लेकर चंद्राकर ने तंज कसते हुए कहा उन्हें राजनीति छोड़कर मौसम विभाग में नियुक्त हो जाना चाहिए। इतने सटीक अनुमान तो मौसम वैज्ञानिक भी नहीं लगाते।
ईडी पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी के सवाल पर उन्होंने कहा कि एजेंसियों को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे न्यायालय की प्रक्रिया पर कोई टिप्पणी नहीं करेंगे।