
0 अपने क्षेत्र को मंत्री कश्यप ने दी 42 लाख की सौगात, किया भूमिपूजन भी
0 कांग्रेस शासन में रुके सभी विकास कार्यों को साय सरकार ने किया गतिमान
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ शासन के वनमंत्री केदार कश्यप इन दिनों बस्तर प्रवास पर हैं। आज उन्होंने बस्तर के विकास और समृद्धि के लिए क्षेत्रवासियों को कई सौगातें दी। मंत्री केदार कश्यप ने ग्राम पंचायत रतेंगा, नवा रतेंगा, घोटिया, नारायणपाल में भवन निर्माण, व्यवसायिक परिसर, पुल- पुलिया सहित विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया।
मंत्री केदार कश्यप ने इस दौरान जन समूह को संबोधित करते हुए कहा कि बस्तर के विकास के लिए विष्णुदेव साय सरकार लगातार प्रयासरत है। क्षेत्र को निरंतर मिल रही सौगात विष्णुदेव साय की बस्तरवासियों के प्रति सकारात्मक दृष्टि को दर्शाता है। बस्तर क्षेत्र में विकास की पहलों को बढ़ावा देने और स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए सरकार द्वारा कई कदम उठाए जा रहे हैं।
सड़कों का सुधार और निर्माण जारी
वनमंत्री केदार कश्यप ने क्षेत्रवासियों से कहा कि सड़क निर्माण और सुधार कार्य साय सरकार में तेजी से चल रहा है। बस्तर में कांग्रेस सरकार ने पिछले पांच साल एक भी सड़क का निर्माण नहीं किया न ही सड़क की मरम्मत की जिसके कारण आज क्षेत्र के लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन भाजपा शासन और विष्णु देव साय सरकार ने क्षेत्र में आवागमन की सुविधा को दुरुस्त करने कई सड़कों के पुनर्निर्माण के लिये स्वीकृति दी है। उन्होंने बताया कि नारायणपुर कोंडागांव मार्ग का निर्माण कार्य जारी है।अंतागढ़ से नारायणपुर, ओरछा से नारायणपुर सड़क निर्माण और सुधार के कार्य के लिए प्रशासकीय स्वीकृति मिल गई है जल्द ही क्षेत्रवासियों को सुलभ सड़क प्राप्त होगी।
सुधरी शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि कांग्रेस शासन काल में प्रदेश की स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था का बुरा हाल था। शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में कांग्रेस सरकार ने काम के नाम पर केवल नाम बदलने का काम किया। कांग्रेस ने बस्तर ही नहीं पूरे प्रदेश में एक नया स्वास्थ्य केंद्र और न ही नए स्कूल का निर्माण किया। मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रदेश में जबसे विष्णुदेव साय जी की सरकार आई है तब से बस्तर क्षेत्र में विकास कार्यों में तेजी आ गई है। 15 हजार प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुए, 45 आंगनबाड़ी केंद्र, पीएससी भवन, नवीन स्वास्थ्य केंद्र, महतारी सदन की स्वीकृति बस्तर क्षेत्रवासियों के सुविधा और सेवा के लिए प्राप्त हुए हैँ।
कौशल विकास को बढ़ावा
वनमंत्री केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर में उद्योग और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल सके। कौशल विकास के माध्यम से आज बस्तर में आत्मसमर्पित नक्सलियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। स्थानीय युवाओं को पर्यटन क्षेत्र में होटल मैंनेजमेंट, फ़ूड प्रोसेसिंग, डिजिटल मार्केटिंग जैसी विधाओं में पारंगत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि साय सरकार स्थानीय स्तर पर व्यापार और उद्योग को बढ़ावा देने के लिये बस्तर क्षेत्र में व्यवसायिक परिसरों का निर्माण कर रही है जिससे क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर व्यापारिक केंद्र प्राप्त होगा।
सहकारिता से सामूहिक समृद्धि
केदार कश्यप ने कहा कि सहकारिता के क्षेत्र में भी बस्तर में बेहतर कार्य हो रहे हैं। छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय सरकार द्वारा प्रदेश के अनुसूचित जनजाति वर्ग के आर्थिक उन्नयन तथा उन्हें दुग्ध सहकारिता से जोड़ने के लिए प्रथम चरण में बस्तर क्षेत्र के 6 जिलों के 325 परिवारों को 650 दुधारू पशु प्रदाय करने की योजना एनडीडीबी के साथ मिलकर तैयार की गई है। इसके अलावा बस्तर में मत्स्य पालन, कुक्कुट पालन, बकरी पालन, मशरूम खेती के क्षेत्र में सहकारिता के माध्यम से समिति बनाकर कर कार्य करने के लिए स्थानीय निवासियों को प्रेरित किया जा रहा है।
रोपा एक पेड़ मां के नाम
वनमंत्री केदार कश्यप ने नवा रतेंगा, घोटिया, नारायणपाल में एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम में सम्मिलित होकर वृक्षरोपण किया। उन्होंने वृक्षारोपण को लेकर कहा कि यह पहल बहुत ही सकारात्मक और पर्यावरण के प्रति समाज को जागरूक करने वाला कदम है। छत्तीसगढ़ सरकार पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण के महत्व को बढ़ावा देने यह अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान 2.0 के तहत अब तक हमने 1 करोड़ 7 लाख पौधों के रोपण का लक्ष्य प्राप्त कर लिया। मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि भाजपा शासन आने के बाद ही भारतीय वन सर्वेक्षण रिपोर्ट 2023 के अनुसार छत्तीसगढ़ में जंगल और पेड़ों की संख्या में इजाफा हुआ है और छत्तीसगढ़ ने संयुक्त वन एवं वृक्ष आवरण वृद्धि में देश में पहला स्थान हासिल किया है। इस दौरान पूर्व सांसद दिनेश कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मंडावी, जनपद अध्यक्ष संतोष बघेल, जिला पंचायत सदस्य निर्देश दीवान एवं भाजपा कार्यकर्ता व परिवारजन उपस्थित रहे।