विश्व आदिवासी दिवस की तैयारियों में आदिवासी समाज, हर्षोल्लास पूर्वक मनाने बैठकों का दौर जारी

बीजापुर। जिले के गोंडवाना भवन में विश्व आदिवासी दिवस को हर्षोल्लास पूर्वक मनाए जाने को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। सर्व आदिवासी समाज के जिलाध्यक्ष जग्गूराम तेलामी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सभी समाज प्रमुखों ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। बैठक में पिछले वर्ष के विश्व आदिवासी दिवस कार्यक्रम की विस्तृत समीक्षा की गई। तत्कालीन आयोजन समिति ने बीते वर्ष के कार्यक्रम से जुड़े व्यय का पूरा ब्यौरा भी समाज प्रमुखों के समक्ष प्रस्तुत किया।

रक्षाबंधन के चलते कार्यक्रम में आंशिक बदलाव संभव

समाज प्रमुखों ने बताया कि इस साल रक्षाबंधन का त्यौहार होने के कारण आम सभा के कार्यक्रम में आंशिक बदलाव किए जाने की चर्चा हुई। हालांकि, आम रैली और सामूहिक नृत्य जैसे पारंपरिक कार्यक्रम पहले की तरह ही आयोजित करने पर सर्वसम्मति बनी है। यह निर्णय आदिवासी समुदाय की सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखने और पर्व को भव्यता से मनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

24 जुलाई को होगा नई आयोजन समिति का गठन

समाज प्रमुखों ने जानकारी दी कि आगामी 24 जुलाई को दोपहर 2:30 बजे विश्व आदिवासी दिवस आयोजन समिति 2025 के गठन को लेकर एक और महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में अगले वर्ष के आयोजन की रूपरेखा भी तय की जाएगी।

बैठक में इनकी रही उपस्थिति

इस महत्वपूर्ण बैठक में विभिन्न समाजों के प्रमुखों ने हिस्सा लिया, जिनमें हल्बा समाज के बीआर साहनी, मुरिया समाज के तेलम पाण्डुराम, उरांव समाज के पीआर भगत, कंवर समाज के कमलेश पैंकरा, गोंडवाना समन्वय समिति के अमित कोरसा, गोंड समाज के कामेश्वर दूब्बा, कुड़ुक उरांव समाज के जूलियस तिर्की सहित बीएल पुजारी, पाकलू तेलाम, सतीश मंडावी और अन्य समाज प्रमुख शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *