48 किलो 360 ग्राम गांजा के साथ तीन अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 48 किलो 360 ग्राम गांजा के साथ बिहार निवासी तीन अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना गंज पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। आरोपियों को रायपुर रेलवे स्टेशन के पास से गांजा के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम प्रदीप कुमार सनोडिया, दिनेश गुप्ता और विनोद गुप्ता हैं, जो सभी पश्चिमी चंपारण, बिहार के निवासी हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा को संबलपुर (उड़ीसा) से लाया गया था और इसकी बिक्री की योजना थी।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 48 किलो 360 ग्राम गांजा और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 5 लाख रुपये आंकी गई है। इस मामले में थाना गंज में अपराध क्रमांक 179/25 धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस को मिली थी पुख्ता सूचना

20 जुलाई को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति रेलवे स्टेशन क्षेत्र में गांजा लेकर बिक्री की फिराक में हैं। इस सूचना की पुष्टि के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर लखन पटले, एएसपी क्राइम संदीप मित्तल, डीएसपी क्राइम संजय सिंह और सीएसपी कोतवाली केशरीनंदन नायक के निर्देश पर तत्काल घेराबंदी कर कार्रवाई की गई।

संयुक्त टीम ने मौके पर जाकर संदिग्धों को चिन्हांकित किया और तलाशी लेने पर बैग में गांजा बरामद हुआ। आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ करने पर गांजा की तस्करी की पुष्टि हुई।

पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस अब इस प्रकरण में फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक के आधार पर जांच कर रही है, ताकि गांजा तस्करी से जुड़े अन्य सदस्यों और नेटवर्क को भी बेनकाब किया जा सके। पूछताछ और तकनीकी विश्लेषण के जरिए आगे की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *