दल्ली राजहरा। प्रदेश सरकार द्वारा बिजली दरों में की गई बेतहाशा बढ़ोतरी के खिलाफ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दल्ली राजहरा ने शुक्रवार को बिजली न्याय आंदोलन के तहत चिखला कसा स्थित विद्युत कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान कांग्रेसजनों ने मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सहायक अभियंता को सौंपा, जिसमें बिजली दरों में की गई वृद्धि को तत्काल प्रभाव से वापस लेने की मांग की गई।
प्रदेश में भाजपा सरकार द्वारा 18 महीनों के भीतर चौथी बार बिजली दरों में इजाफा किया गया है। नई दरों के अनुसार, घरेलू उपभोक्ताओं पर 10 से 20 पैसे प्रति यूनिट, गैर-घरेलू उपभोक्ताओं पर 25 पैसे प्रति यूनिट और किसानों की कृषि विद्युत दरों में 50 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी की गई है। कांग्रेस नेताओं ने इसे जनता की जेब पर डाका बताते हुए गरीब, मध्यमवर्गीय परिवारों और किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ करार दिया।
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर प्रदेशभर में चल रहे बिजली न्याय आंदोलन के तहत यह प्रदर्शन किया गया। इस आंदोलन का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री दीपक बैज कर रहे हैं। राज्यभर के जिला और ब्लॉक स्तरों पर यह आंदोलन जारी है।
दल्ली राजहरा में हुए इस प्रदर्शन की जानकारी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महामंत्री विवेक मसीह ने दी। उन्होंने बताया कि आंदोलन के तहत शांतिपूर्ण तरीके से बिजली कार्यालय का घेराव कर जनभावनाओं से सरकार को अवगत कराया गया।
इस मौके पर बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे, जिनमें रतिराम कोसमा, काशीराम निषाद, रवि जायसवाल, के. ईश्वर राव, प्रशांत बोकड़े, भरत देवांगन, विल्सन मैथ्यू, प्रदीप बबलू, चंद्रप्रकाश सिंहा, मुरली पटेल, लक्ष्मण शर्मा, सुमित यादव, जागेश्वर यादव, अप्पू महेंद्रण, वेदू, संतोष, राहुल सिंह, श्रीनिवास राव, जोगेंद्र ठाकुर, धीरपाल नेताम, अनूप नेताम, फ्रांसिस कोलिन और शुभांकर गुटुम सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।