जगदलपुर। स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 में जगदलपुर नगर ने राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए 107वें स्थान से छलांग लगाकर देशभर में 15वां और छत्तीसगढ़ में दूसरा स्थान हासिल किया है। इस सफलता के लिए महापौर संजय पांडेय ने नगरवासियों को नमन करते हुए सभी नागरिकों, सफाई मित्रों और निगम कर्मियों का आभार जताया है।
सर्वेक्षण में जगदलपुर नगर ने कुल 12,500 में से 10,446 अंक अर्जित किए। इनमें स्वच्छता सर्वेक्षण मूल्यांकन में 8,841/10,000, गार्बेज फ्री सिटी में 800/1,300 और ओडीएफ (खुले में शौच मुक्त) में 1,000/1,200 अंक प्राप्त हुए।
महापौर पांडेय ने कहा, “महज साढ़े चार महीने में हमने 107वें स्थान से 15वें स्थान तक की लंबी छलांग लगाई है। यह उपलब्धि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वच्छ भारत अभियान’ और ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में नगरवासियों की भागीदारी का प्रमाण है।”
विकास का आधार बना जनसहयोग
महापौर ने कहा कि स्वच्छता को लेकर लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया गया और गलियों-नालियों में कचरा फेंकने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की गई, जिसका सकारात्मक असर हुआ। हालांकि, गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण तथा नुक्कड़ों पर सफाई में और सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी सर्वेक्षण में जगदलपुर देश के शीर्ष 3 स्वच्छ शहरों में शामिल होगा।
सरकार और जनप्रतिनिधियों का सहयोग
इस उपलब्धि में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक किरण सिंह देव, मंत्री केदार कश्यप और सांसद महेश कश्यप के मार्गदर्शन और सहयोग का भी योगदान रहा है।
विकास कार्यों को मिली गति
संजय पांडेय ने बताया कि महज चार माह में 50 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों को स्वीकृति मिली है, जिनमें सड़क चौड़ीकरण, नाली निर्माण और सफाई कार्य शामिल हैं। दलपत सागर की सफाई कार्य भी जल्द शुरू किया जाएगा।
उन्होंने कहा हमारा नारा ‘हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे’ केवल शब्द नहीं, एक संकल्प है। हमारा लक्ष्य है कि जगदलपुर न सिर्फ स्वच्छ बल्कि एक आदर्श नगर बने।
नगरवासियों को धन्यवाद
महापौर ने अंत में सभी नागरिकों, पार्षदों, निगम अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वच्छता दीदियों और स्वच्छता मित्रों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि हम सबकी है। मैं विश्वास के साथ कहता हूं कि जनता का सहयोग हमें निरंतर मिलेगा और हम अपने जगदलपुर को स्वच्छ, सुंदर और समृद्ध नगर बनाकर ही दम लेंगे।