रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का आज चौथा दिन है, जो कई महत्वपूर्ण मुद्दों और विधायी कार्यों के लिए अहम माना जा रहा है। आज सदन में मंडल संयोजक भर्ती परीक्षा में अनियमितताओं, गृह निर्माण मंडल की मकान बिक्री प्रक्रिया, भारतमाला परियोजना में कथित गड़बड़ियों और ग्राम पंचायतों में निर्माण कार्यों में हुई अनियमितताओं को लेकर सरकार से जवाब तलब किया जाएगा।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी और आदिम जाति तथा अनुसूचित जनजाति विकास मंत्री राम विचार नेताम इन मुद्दों पर जवाब देने के लिए सदन में उपस्थित रहेंगे। वहीं, भाजपा के वरिष्ठ विधायक धरमलाल कौशिक और राघवेंद्र सिंह ध्यानाकर्षण प्रस्तावों के माध्यम से सरकार का ध्यान इन विषयों पर केंद्रित करेंगे।
आज के सत्र की एक और खास बात यह होगी कि सदन में कुल पाँच विधेयक प्रस्तुत किए जाएंगे। इनमें सबसे अहम “छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय स्थापना एवं संचालन (संशोधन) विधेयक” होगा, जिसे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सदन में रखेंगे। इसके अलावा, राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा “पट्टाधृति अधिकार (संशोधन) विधेयक” पेश करेंगे। अन्य विधेयकों में विभिन्न विभागीय सुधारों और प्रक्रियागत संशोधनों से जुड़े प्रस्ताव शामिल हैं।