0 महापौर ने इंदौर दौरे के बाद न कर्मचारियों की ली बैठक, न विपक्ष से की कोई चर्चा: नगर निगम जगदलपुर में विपक्ष का आरोप
जगदलपुर। नगर निगम जगदलपुर के नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने राजीव भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में नगर की साफ-सफाई, अव्यवस्थाओं और महापौर की कार्यशैली पर तीखे सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि महापौर इंदौर जाकर वहां की सफाई व्यवस्था का अध्ययन करने की बात कहकर गए थे, लेकिन लौटने के बाद न तो कर्मचारियों की कोई बैठक ली गई, न ही विपक्ष या शहरवासियों से कोई संवाद किया गया।
राजेश चौधरी ने आरोप लगाया कि इंदौर दौरे का कोई प्रत्यक्ष लाभ जगदलपुर को नहीं मिला है। शहर की सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है, स्ट्रीट लाइटें लगभग सभी वार्डों में बंद हैं, जिनकी जानकारी पूर्व में ज्ञापन के माध्यम से दी जा चुकी है, परंतु आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि पहले शहर की भूमि स्वामियों को नल और बिजली कनेक्शन के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) दिया जाता था, जिसे अब महापौर के निर्देश पर बंद कर दिया गया है, जिससे आमजन को भारी परेशानी हो रही है।
नेता प्रतिपक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि आवारा पशुओं और कुत्तों को पकड़ने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है। वहीं, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के नाम पर गरीब दुकानदारों की रोजी-रोटी छीनी जा रही है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को पहले व्यवस्थित किया जाना चाहिए, फिर अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया अपनानी चाहिए, लेकिन वर्तमान में प्रशासन बदले की भावना से कार्रवाई कर रहा है।
राजेश चौधरी ने बताया कि इन सभी मुद्दों को लेकर कांग्रेस पदाधिकारी, पार्षदगण और कार्यकर्ता आगामी 18 जुलाई, शुक्रवार को नगर निगम कार्यालय का घेराव करेंगे। यह आंदोलन जिला कांग्रेस कमेटी के मार्गदर्शन में किया जाएगा।
प्रेसवार्ता में प्रमुख रूप से कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री जाहिद हुसैन, उपनेता कोमल सेना, महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष लता निषाद, पार्षद सुशील बघेल, गौतम पाणिग्रही, अफरोज बेगम, शुभम यदु, लोकेश चौधरी, ललिता राव, शहनाज बेगम, पपिया गाईन, अंजना नाग, आभास महंती, शादाब अहमद सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।