घर में घुसकर नाबालिग छात्रा की हत्या, सब्बल से किया गया हमला

कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में एक दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है। पांडातराई थाना क्षेत्र के खैरवार गांव में एक नाबालिग छात्रा की घर के भीतर बेरहमी से हत्या कर दी गई। 8वीं कक्षा में पढ़ने वाली 14 वर्षीय विधय्यानी की लाश खून से सनी हालत में उसके ही घर से बरामद हुई। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि अज्ञात हमलावर ने छात्रा के गले पर लोहे की सब्बल से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।

घटना उस समय की है जब मृतका के परिजन खेत में रोपा लगाने गए हुए थे और वह घर में अकेली थी। इसी दौरान किसी अज्ञात हमलावर ने मौका पाकर घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। जब परिजन वापस लौटे, तो घर में छात्रा की लाश खून से लथपथ हालत में पड़ी मिली। मासूम की हालत देखकर गांव में मातम फैल गया और परिजनों की चीख-पुकार मच गई।

सूचना मिलते ही पांडातराई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए कबीरधाम एसपी धर्मेन्द्र छवाई और एएसपी पुष्पेंद्र बघेल भी घटनास्थल पर पहुंचे और मौके से अहम सबूत जुटाए गए। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांव में तनाव का माहौल है और लोग भयभीत हैं।

फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अपराधी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से अहम सुराग जुटाए हैं। प्रारंभिक तौर पर यह घटना सुनियोजित लग रही है, लेकिन हत्या के पीछे की मंशा और आरोपी की पहचान अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *