बिलासपुर। जिले के रिसदा धान खरीदी केंद्र में करोड़ों की धान खरीदी प्रक्रिया में बड़ी अनियमितता उजागर हुई है। करीब 54.67 लाख रुपए के गबन के मामले में केंद्र प्रभारी और कंप्यूटर ऑपरेटर के खिलाफ मस्तुरी थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के दौरान रिसदा केंद्र में कुल 40,879.20 क्विंटल धान की खरीदी दर्ज की गई थी। लेकिन भौतिक सत्यापन में 1,763 क्विंटल धान कम पाया गया। इस शॉर्टेज के आधार पर संदेह गहराया और जांच के आदेश दिए गए।
जांच में सामने आया कि केंद्र प्रभारी कृष्ण कुमार करियारे और कंप्यूटर ऑपरेटर सुखसागर जांगड़े की मिलीभगत से यह गड़बड़ी की गई। दोनों पर धान की हेरा-फेरी कर 54 लाख से अधिक की रकम का गबन करने का आरोप है।
जिला सहकारी बैंक के मैनेजर ने इस मामले में मस्तुरी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।